बलिया के इस इंटर कालेज में प्रधानाचार्य और पूर्व प्रधानाचार्य में जमकर हुई मारपीट, दोनों घायल
बलिया के सुदृष्ट बाबा इंटर कालेज में प्रधानाचार्य अशोक पांडेय और पूर्व प्रधानाचार्य आलोक कुमार सिंह के बीच शुक्रवार को मारपीट हुई जिसमें दोनों घायल हो गए। बैरिया पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विवाद की वजह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय और माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के आदेशों को बताया जा रहा है।

जागरण संवाददाता, बलिया। ज्ञान के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय प्रांगण में शुक्रवार का दिन गुरुओं के बीच मल्लयुद्ध का नजारा सामने आया। दो प्रधानाचार्यों के बीच झड़प और मारपीट का यह प्रकरण जिले के शिक्षा विभाग में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि लोगों के दखल से विवाद शांत हुआ है लेकिन मामला अब पुलिस तक जा पहुंचा है।
पूरा प्रकरण बलिया जिले के सुदृष्ट बाबा इण्टर कालेज सुदृष्टपुरी रानीगंज का है। जहां पर शुक्रवार को दिन में प्रधानाचार्य अशोक पांडेय और पूर्व प्रधानाचार्य आलोक कुमार सिंह आपस में एक दूसरे से भिड़ गए। वाद विवाद देखते ही देखते हिंंसक हो उठा और मारपीट के दौरान दोनों ही लोग घायल हो गए। दोनों के एक दूसरे से वार के बीच लोगों ने बीच बचाव करने की कोशिश भी की लेकिन झड़प ने गंभीर रूप ले लिया तो बैरिया पुलिस ने दोनों के ही खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जिले भर में शुक्रवार को विद्यालय खुलने के कुछ ही देर बाद प्रधानाध्यापक कक्ष में पूर्व प्रधानाचार्य आलोक कुमार सिंह व प्रधानाचार्य अशोक कुमार पांडेय के बीच किसी प्रकरण पर आपस में बातचीत हो रही थी। इसी दौरान देखते ही देखते आपस में दोनों ही पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। विद्यालय में मौजूद अन्य शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मियों ने बीच बचाव किया। इस दौरान आपसी विवाद
को मौके पर शांत करने का भी अक्षम प्रयास हुआ, लिहाजा मौके पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया गया। आपसी हिंसक झड़प की जानकारी के बाद मौके पर पीआरबी वैन भी पहुंच गई। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले जाकर दोनों ही लोगों का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया।
पूर्व प्रधानाचार्य आलोक कुमार सिंह का आरोप है कि वह आपसी बातचीत करने के लिए गये थे। जहां उन्होंने अचानक ईंट से उन पर हमला कर दिया। प्रधानाचार्य अशोक कुमार पांडेय का कहना है कि पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर आलोक कुमार सिंह ने उसके साथ मारपीट की है।
विद्यालय के अन्य अध्यापकों का कहना है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय व माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अलग अलग- तरह के आदेशों के कारण यह विवाद उत्पन्न हुआ है। इस बाबत पूछने पर प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों ही लोग एक दूसरे पर आरोप - प्रत्यारोप लगा रहे हैंं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।