Bahraich News: बेटे की जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ी मां, खेत में काम करने के दौरान किया था हमला
बहराइच के आंबा गांव में एक तेंदुए ने खेत में काम कर रही मां के पास बैठे पांच वर्षीय बालक प्रिंस पर हमला कर दिया। बेटे की चीख सुनकर मां सुनीता तेंदुए से भिड़ गई और शोर मचाने लगी। ग्रामीणों के पहुंचने पर तेंदुआ भाग गया। हमले में बालक घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग ने गांव में सतर्कता बढ़ा दी है।

जागरण संवाददाता, बहराइच। एक बालक पर तेंदुए ने हमला किया तो उसकी जान बचाने के लिए मां तेंदुए से भिड़ गई। तीन मिनट तक संघर्ष कर वह शोर मचाती रही। चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और हांका लगाया। इसके बाद तेंदुआ जंगल में भाग गया। हमले में बालक के पीठ व पैर में गहरे जख्म हो गए। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के आंबा गांव निवासी पांच वर्षीय प्रिंस अपनी मां सुनीता के साथ खेत गया था। बच्चे को पास में बैठाकर मां धान की रोपाई करने लगी। इस दौरान जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने बालक पर हमला कर दिया।
बेटे की चीख सुनकर जब महिला ने पीछे देखा तो बेटे को तेंदुए के जबड़े में देख वह हतप्रभ रह गई। बिना देर किए वह तेंदुए पर टूट पड़ी और बचाओ-बचाओ की आवाज लगाने लगी। पुकार सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे लोग भी भागकर मौके पर पहुंचे और हांका लगाते हुए तेंदुए को भगाया।
यह भी पढ़ें- Bahraich News: धार्मिक स्थल क्षतिग्रस्त करने में 14 गिरफ्तार, सीएम योगी ने मामले का स्वयं लिया था संज्ञान
हमले में बालक के शरीर पर गहरे जख्म हो गए। इलाज के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में भर्ती कराया गया है। प्रभारी रेंजर दीपक मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मौके पर वनकर्मियों की टीम मुस्तैद है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।