लाल निशान से 28 सेंटीमीटर नीचे घाघरा, दो बीघे फसल धारा में समाई; नानपारा में सरयू का जलस्तर बढ़ने से किसान परेशान
बहराइच के महसी में घाघरा नदी का जलस्तर घटने-बढ़ने से कटान जारी है। जानकी नगर गांव में दो बीघे धान की फसल नदी में समा गई। एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। बैराजों से पानी के डिस्चार्ज में बदलाव के कारण जलस्तर में उतार-चढ़ाव हो रहा है। नानपारा में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

संवाद सूत्र, महसी (बहराइच)। घाघरा नदी का जलस्तर घटने बढ़ने के साथ घाघरा नदी कटान कर रही है। जानकी नगर गांव में दो बीघे धान की फसल धारा में समा गई। एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान से 28 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।
बैराजों से पानी के डिस्चार्ज में कमी और वृद्धि के बाद जलस्तर घट-बढ़ रहा है। जानकीनगर में आबादी के बाद अब लहरें धान की फसलों को अपने आगोश में समाहित करने में जुटी हैं। गांव निवासी मंगल, जगदीश, नरेश, देशराज, गेंदाराम, बदलू, रमई, तीरथ की धान की फसल कट रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तकरीबन दो बीघे धान की फसल धारा की भेंट चढ़ गई।
सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के सहायक अभियंता वीवी पाल ने बताया कि गुरुवार की शाम चार बजे शारदा बैराज से 1,31,337 क्यूसेक, गिरिजापुरी बैराज से 1,23,073 व सरयू बैराज से 24,876 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 105.79 मीटर रिकार्ड किया गया। शारदा बैराज पर नदी खतरे के निशान 135.49 के सापेक्ष 134.90 मीटर गिरजा बैराज पर 136.78 के सापेक्ष 135.15 सरयू बैराज पर 133.50 के सापेक्ष 132.40व घूरदेवी पर 112.15 के सापेक्ष 111.55 मीटर रिकार्ड किया गया।
नानपारा: गुरुवार की दोपहर अचानक सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। जलस्तर बढ़ने से सरैय्या के भौराहवा, नरायनपुर , तकिया के गांव के किसानों की धड़कने बढ़ रही है। ग्रामीण राकेश, मोहन ,उमाशंकर ने बताया कि करार टूट रही है। ऐसे में कटान मेहनत पर पानी फेर देगा। तहसीलदार अंबिका प्रसाद चौधरी ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा रहा है। कटान रोकने के बचाव कार्य किए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।