बिहार का 'बीड़ी' विवाद : राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान बोले- लोकलाज के सहारे चलता है लोकतंत्र
Governor Arif Mohammad Khan बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में यज्ञशाला की आधारशिला रखी। इसके बाद पत्रकारों से बात की। उन्होंने लोकतंत्र में मर्यादित भाषा पर बल दिया। कहा कि लोकतंत्र अपने ऊपर नियंत्रण करने से चलता है।

जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि संसद में क्या नारे लगाए जाते हैं, वह कुछ कहना नहीं चाहते हैं, लेकिन इतना अवश्य है कि भारत की जनता लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने देगी।
कोताना रोड स्थित चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने यज्ञशाला की आधारशिला रखी। उसके बाद उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की। इसमें उनके सामने कांग्रेस की केरल इकाई द्वारा जीएसटी दरों को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए एक एक्स पोस्ट का जिक्र किया गया। इसमें बीड़ी और बिहार की तुलना की गई थी। हालांकि यह पोस्ट अब डिलीट हो गया है, लेकिन विवाद जारी है।
इस पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सीधे टिप्पणी तो नहीं की, लेकिन पटना में वकीलों के एक कार्यक्रम में दिए अपने बयान को दोहराया। कहा कि वहां उन्होंने कहा था कि कोर्ट में कानून के अनुसार न्याय करने की प्रक्रिया होती है वहां पर अमर्यादित भाषा के लिए कोई जगह नहीं है, लेकिन संसद के अंदर जहां कानून बनता है, वहां पर जो नारे लगाए जाते हैं, उन्हें दुनिया में कोई भी शायद यह नहीं कहेगा कि वह एक मर्यादित भाषा है या वह एक सभ्य भाषा है।
संसद में क्या नारे लगाए जाते हैं, उनके बारे में वह कहना भी नहीं चाहते हैं। लोकतंत्र लोकलाज के सहारे चलता है। लोकतंत्र मर्यादा का सम्मान करने से चलता है। लोकतंत्र अपने ऊपर नियंत्रण करने से चलता है। अगर हम किसी मर्यादा का सम्मान ही नहीं करेंगे तो जनता उसका नोटिस लेगी। भारत की जनता लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने देगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।