Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत देशभर में महिलाओं, किशोरियों व बच्चों को मिलेगा लाभ, बागपत में यह है तैयारी

    Updated: Mon, 15 Sep 2025 09:09 PM (IST)

    Baghpat News बागपत में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की तैयारी चल रही है। जिलाधिकारी ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष अभियान के लिए निर्देश दिए। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देना है। देशभर में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    Hero Image
    स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत जारी प्रचार सामग्री। सूचना विभाग

    जागरण संवाददाता, बागपत। देश में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को मजबूती देने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के साथ-साथ आठवें पोषण माह का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान महिला और बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय संयुक्त रूप से संचालित करेंगे। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान के सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर विशेष तौर पर स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, जनभागीदारी अभियान, जागरूकता सत्र एवं पोषण परामर्श की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

    इस अभियान के तहत देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जो इसे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम बनाएगा। सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र, दंत चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जाएंगी।

    अभियान के मुख्य बिंदु

    अभियान में गैर-संचारी रोग जांच जैसे रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा आदि। कैंसर स्क्रीनिंग (स्तन, गर्भाशय ग्रीवा, मुख गुहा), एनीमिया एवं पोषण जागरूकता अभियान, टीबी जांच व निदान हेतु मोबाइल एक्स-रे इकाइयां, सिकल सेल रोग परीक्षण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा, टीकाकरण अभियान और रक्तदान अभियान। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया जाएगा। अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह, पंचायत प्रतिनिधि, शहरी निकाय एवं युवा स्वयंसेवकों की भूमिका निर्णायक रहेगी।

    प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ प्रदान करेंगे सेवा

    इस अभियान में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अलावा ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, युवा कार्यक्रम, आयुष, श्रम एवं रोजगार, रक्षा, रेल मंत्रालय, सामाजिक न्याय मंत्रालय आदि का समन्वित सहयोग रहेगा। एम्स, रक्षा एवं रेलवे अस्पताल, ईएसआइसी अस्पताल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान विशेषज्ञ सेवा प्रदान करेंगे। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से विशेष हेल्पडेस्क बनाए जाएंगे, डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से पीएम-जेएवाई, आभा योजना व आयुष्मान वय वंदना योजना का लाभार्थी पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

    ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ देश के प्रत्येक कोने तक स्वास्थ्य और पोषण की सही पहुंच सुनिश्चित करने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पखवाड़े भर चलने वाले अभियान के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, बल्कि एक सशक्त समाज निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए जाएंगे।