Baghpat: दिल्ली से बागपत लाकर कक्षा आठ की छात्रा से शर्मनाक हरकत, ग्रामीणों ने आरोपितों को सिखाया सबक और फिर...
Baghpat News दिल्ली से दो आरोपित एक छात्रा को ई-रिक्शा में लिफ्ट देकर बागपत के घिटौरा गांव ले गए। वहां उन्होंने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। छात्रा की मां ने दिल्ली के गोकलपुरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

संवाद सूत्र, जागरण, चांदीनगर (बागपत)। दिल्ली के गोकलपुरी थाना क्षेत्र से दो आरोपित कक्षा आठ की छात्रा को ई-रिक्शा में लिफ्ट देकर घिटौरा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। यह देख ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। बाद में दिल्ली पुलिस तीनों को अपने साथ ले गई।
दिल्ली के गोकलपुरी थाना क्षेत्र निवासी कक्षा आठ की छात्रा सोमवार सुबह स्कूल जा रही थी।
पास ही में रहने वाले दो आरोपित छात्रा को स्कूल तक छोड़ने की बात कह कर ई-रिक्शा में बिठाकर खेकड़ा क्षेत्र के ग्राम घिटोरा के जंगल में ले आए। वहां दोनों जंगल में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने लगे। इन्हें ग्रामीणों ने देख लिया और दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। छात्रा ने बताया कि आरोपित उसे जबरदस्ती यहां लाए हैं।
ग्रामीणों ने दोनों युवकों को जमकर धुना और पुलिस चौकी रटौल को सूचना दी। पुलिस तीनों को अपने साथ चौकी ले आयी। बाद में गोकलपुरी थाने की पुलिस पहुंची और तीनों को अपने साथ ले गयी। रटौल चौकी इंचार्ज संजय पुनिया ने बताया कि घटना गाजियाबाद क्षेत्र की थी। छात्रा की मां ने गोकलपुरी थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी इसलिये छात्रा और दोनों आरोपितों को वहां की पुलिस अपने साथ ले गयी।
अज्ञात वाहन ने दिल्ली पुलिस के सिपाही को टक्कर मारी
संवाद सूत्र, अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बा टटीरी स्थित पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दिल्ली पुलिस के सिपाही को टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र के पुठड़ गांव निवासी मुकेश यादव दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद कार्यरत है। उनकी लाल किला पर ड्यूटी चल रही है। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे घर से ड्यूटी जा रहे थे। करीब पांच बजे जब वह कस्बा टटीरी स्थित पेट्रोप पंप के निकट पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से घायल सिपाही को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। उधर, टटीरी पुलिस चौकी के एसआइ महावीर सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।