घर के अंदर मौजूद था बंदरों का झुंड, मोहल्ले के लोगों ने झांक कर देखा तो नजारा देख उड़ गए होश
बदायूं के बिल्सी में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। 45 वर्षीय शीला घर में अकेली सो रही थी तभी पंखे में करंट उतर आया। सुबह पड़ोसियों ने घर में बंदरों को देखकर संदेह जताया और अंदर जाकर देखा तो महिला मृत मिली। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना नहीं मिली।
संवाद सहयोगी, बिल्सी। घर में अकेली सो रही महिला की फर्राटा पंखा में करंट आने से मृत्यु हो गई। जब सुबह लोगों ने उसके घर में तमाम बंदरों को घुसे देखा तो उन्हें कुछ अटपटा महसूस हुआ, अंदर जाकर देखा तो महिला का शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना पर उसके स्वजन पंजाब से आ गए और दोपहर बाद उन्होंने बिना पोस्टमार्टम कराए ही कछला गंगा घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
हादसा बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव अंबियापुर में हुआ। स्वजन के मुताबिक 45 वर्षीय शीला पत्नी नारायण सिंह अपने घर पर अकेली रहती थीं। उनके तीन बेटे हैं, जो अपने पिता के साथ पंजाब में मजदूरी करते हैं। गुरुवार रात शीला अपने घर में अकेली सो रहीं थीं। उन्होंने गर्मी की वजह से फर्राटा पंखा लगाया था। उसमें किसी तरह बिजली का करंट आ गया और उसकी चपेट में आने से महिला की मृत्यु हो गई।
जब शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे तक उनके घर का दरवाजा नहीं खुला और उनके घर में तमाम बंदर घुसे हुए थे। वह घर का सामान ले लेकर भाग रहे थे। यह देखकर मुहल्ले वालों को कुछ अटपटा महसूस हुआ। तब उन्होंने घर में झांकने का प्रयास किया। कुछ लोग किसी तरह घर के अंदर पहुंचे तो वहां शीला का शव पड़ा हुआ था। उसे देखकर लोग हैरान रह गए।
उन्होंने तत्काल महिला के स्वजन को सूचना दी, जिससे वह दोपहर बाद गांव पहुंच गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी और उन्होंने दोपहर बाद कछला गंगा घाट पर शीला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास कोई सूचना नहीं आई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।