यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बदायूं में चार साल की बच्ची के साथ हैवानियत, मासूम की हालत बिगड़ने पर घर छोड़ गया था आरोपी
बदायूं में एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है जहां एक चार साल की बच्ची का अपहरण कर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बदायूं। बेहद शर्मनाक और झकझोरने का वाला दुस्साहस। स्वजन की गोद और आंगन-दरवाजे पर खेलने वाली चार वर्षीय बच्ची से हैवानियत की गई। दरिंदा उसे दरवाजे से उठा ले गया। अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। मासूम चीखी-छटपटाई और लहूलुहान हो गई। उसकी हालत बिगड़ती देख आरोपित पवन कश्यप दरवाजे पर छोड़कर भाग गया।
मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह बोले कि आरोपित को सख्त सजा मिले, इसके लिए पर्याप्त साक्ष्य जुटा रहे हैं। उसके विरुद्ध शीघ्र आरोपपत्र दाखिल कराएंगे ताकि कोर्ट जल्द निर्णय दे सके। बच्ची सोमवार दोपहर घर के बाहर खेल रही थी।
घर के दरवाजे पर छोड़कर भाग गया आरोपी
उसके पिता ने बताया कि आधा घंटा बाद दरवाजे पर जाकर देखा तो बेटी वहां नहीं थी। लगा कि आसपास चली गई होगी। कुछ देर बाद बेटी को पवन कश्यप गोद में लेकर आया और दरवाजे से कुछ दूर छोड़कर भाग गया। बच्ची की दादी ने उसे देखकर आवाज लगाई मगर वह नहीं रुका।
उन्होंने देखा कि बच्ची रो रही थी, उसके कपड़ों पर रक्त था। अनहोनी की आशंका होने पर उसे तुरंत घर लेकर गए। वहां मां ने बच्ची को दुलाकर शांत किया। उससे रोने का कारण पूछा तो बच्ची ने सिसकते हुए घटनाक्रम बताया।
प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को भेजा गया घर
आरोप है कि पवन कश्यप दरवाजे पर खेल रही बच्ची को उठाकर अपने घर ले गया, दुष्कर्म किया। आसपास के लोग पवन को तलाशने निकले मगर वह फरार हो चुका था। घटना की जानकारी इस्लामनगर थाने में देने के बाद बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार देर रात बच्ची को घर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रात में ही आरोपित पवन कश्यप के विरुद्ध अपहरण, पाक्सो, दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई थी। वह घर में अकेला रहता है। मजदूरी से उसका भरण पोषण होता है। शराब का आदी होने के कारण रिश्तेदार उससे दूरी बना चुके हैं। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकारा कि घटना के समय भी वह नशे में था। चिकित्सक बच्ची की हालत की निगरानी कर रहे हैं।
