Ayodhya To Delhi Flight: दिल्ली के लिए अयोध्या से एक और फ्लाइट, स्पाइस जेट शुरू करेगी दो उड़ानें
अयोध्या से जल्द ही और उड़ानें बढ़ेंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दिल्ली के लिए नई उड़ान शुरू की है। यह उड़ान दोपहर 140 बजे दिल्ली से आएगी और 210 बजे वापस जाएगी। स्पाइस जेट अक्टूबर में दो उड़ानें शुरू करेगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था। वर्तमान में दिल्ली बेंगलुरु मुंबई हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए उड़ानें हैं।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी से शीघ्र ही कुछ और उड़ानें बढ़ेंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस माह से दिल्ली की नई उड़ान आरंभ भी कर दी है। दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर यह फ्लाइट दिल्ली से आएगी, जबकि दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर वापस जाएगी। अक्टूबर माह में स्पाइस जेट यहां से दो उड़ानें आरंभ करेगी। हालांकि, अभी स्थान तय नहीं है, लेकिन एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट का स्पेस पहले से आवंटित भी है। कुछ कारणों से स्पाइस जेट ने यहां से उड़ानें बंद कर दी थीं, जो अक्टूबर से फिर से आरंभ होंगी।
रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के ठीक पहले महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट की शुरुआत वर्ष 2023 के दिसंबर माह में हुई थी। शुरुआती दौर में यहां करीब नौ फ्लाइटें आती और इतनी ही जाती थीं, लेकिन बीते जून माह तक यहां से सिर्फ तीन नियमित उड़ानें ही रह गईं। इतनी ही आती और जाती हैं।
दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई के लिए ही नियमित उड़ानें हैं, जबकि हिसार से सप्ताह में सिर्फ दो दिन उड़ानें हैं। इस समय दिल्ली के लिए सिर्फ इंडिगो की फ्लाइट रह गई थी। अब एयर इंडिया ने भी दिल्ली की उड़ान आरंभ कर दी है। वहीं रविवार व शुक्रवार को एलायंस एयर की हिसार से फ्लाइट आती हैं। इंडिगो की हैदराबाद की फ्लाइट भी सप्ताह में चार दिन आती है। हैदराबाद से शनिवार, रविवार, सोमवार व बुधवार को फ्लाइट आती है। वहीं अहमदाबाद की उड़ान सेवा भी इंडिगो ही दे रही है। अहमदाबाद की फ्लाइट मंगलवार को आती है।
पहले चेन्नई, जयपुर, पटना, दरभंगा, देहरादून के लिए भी अयोध्या से उड़ानें थीं, लेकिन अब इन शहरों के लिए उड़ानें बंद हो चुकी हैं। यहां से एयर इंडिया, एलायंस एयर, आकासा, स्पाइस जेट, इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवाएं दे रही थीं, जिसमें स्पाइट जेट ने अपनी उड़ानें पूरी तरह बंद कर दी हैं। वर्तमान समय में बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद व अहमदाबाद की फ्लाइट हैं। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि अक्टूबर माह से उड़ानों की संख्या और बढ़ेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।