Karmyogi Certificate: इस विभाग के कर्मचारियों को पास करनी होगी परीक्षा, वरना नहीं मिलेगी जुलाई की सैलरी
अयोध्या में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लिए कर्मयोगी प्रमाण पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए ऑनलाइन परीक्षा पास करनी होगी जिसके बाद ही जुलाई का वेतन मिलेगा। कर्मचारी परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं कोई कंप्यूटर पर तो कोई मोबाइल में उत्तर ढूंढ रहा है। महानिदेशक के आदेशानुसार कार्य कुशलता परखने के लिए यह परीक्षा हो रही है जिसमें उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

प्रमोद दुबे, अयोध्या। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के सामने भी अब अजीबो गरीब संकट है। विभाग ने इनके लिए कर्मयोगी प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य बना दिया है। इसके लिए कर्मचारियों को आनलाइन परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद ही उन्हें जुलाई माह का वेतन जारी किया जाएगा।
बस, इन दिनों इसी परीक्षा को उत्तीर्ण करनेे की माथापच्ची में कर्मचारी जुटे हैं। चिकित्सालय में चिकित्सक व कर्मचारियों परीक्षा की तैयारी करते देखे जा सकते हैं। उनमें एक ही धुन सवार है परीक्षा उत्तीर्ण करने की। कोई अस्पताल में कंम्प्यूटर के सामने परीक्षा देता मिलेगा तो कोई प्रश्नों का उत्तर मोबाइल में तलाशता दिख रहा है। ये पोर्टल केंद्र सरकार की ओर से संचालित किया गया है।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डा. रतनपाल सिंह सुमन की ओर से आदेश भेजा गया है। इसमें चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की कार्य कुशलता की सच्चाई परखने के लिए कर्मयोगी परीक्षा ली जा रही है। इस परीक्षा में उन्हें आनलाइन परीक्षा देनी है। इसके लिए कर्मयोगी पोर्टल बनाया गया है।
पोर्टल खोलने के बाद पहला आप्शन पद का होता है। इसके बाद पद के सापेक्ष उनके सामने दस प्रश्न आ रहे हैं। इन सभी प्रश्नों का उत्तर सही से देना रहता है, जिसका दस अंक दिया जाता है। एक भी उत्तर गलत देने से परीक्षा परिणाम अनुत्तीर्ण होता है।
इसके बाद उन्हें दो और बार मौका दिया जा रहा है। यह परीक्षा चिकित्सक फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स के अलावा चतुर्थ श्रेणी के लिए अनिवार्य किया गया है। इस परीक्षा को देने और उसे पास करने के लिए जिला अस्पताल में कंप्यूटर के सामने कर्मचारी बैठकर देते हुए दिख रह हैं।
गुरुवार तक 80 प्रतिशत हुए सफल
सबसे अधिक लोग गुरुवार को सफल हुए हैं। इसका नतीजा है कि 80 प्रतिशत चिकित्सक और कर्मचारी प्रमाण पत्र प्राप्त कर चुके हैं, जो बचे हैं, उनका भी महीने के अंत जारी हो जाएगा। -डा. अजय चौधरी, अधीक्षक, जिला अस्पताल
50 प्रतिशत से अधिक का जारी हो गया प्रमाण पत्र
महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विभा कुमारी ने बताया शासन की ओर से पत्र मिला है। इसके बाद प्रतिदिन चिकित्सक और कर्मचारी परीक्षा दे रहे हैं। गुरुवार तक 50 फीसदी से अधिक का प्रमाण पत्र जारी हो चुका है, जो बचे हैं वे भी परीक्षा देने में लगे हैं। महिला अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारियों का समय रहते कर्मयोगी प्रमाण पत्र बन जएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।