अयोध्या में दुर्गा पूजा महोत्सव को सफल बनाने की तैयारी, रामलीला के लिए होगी कंट्रोल रूम की स्थापना
अयोध्या के गोसाईंगंज नगर पंचायत में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अस्थायी कंट्रोल रूम बनेगा रास्तों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा और विसर्जन के लिए घाटों पर विशेष व्यवस्था होगी। कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सफाई व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात को सुगम बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

संवाद सूत्र, गोसाईंगंज (अयोध्या)। नगर पंचायत में शुक्रवार को हुई बोर्ड की बैठक में दुर्गा पूजा महोत्सव एवं दशहरा के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये। महोत्सव को लेकर अस्थाई कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी, जिसमें संबंधित कर्मचारियों की सूची नगर पंचायत कार्यालय के सूचना पट पर चस्पा की जाएगी। नागरिक, आवश्यकतानुसार कर्मचारियों से सीधे संपर्क कर सकेंगे। जगह-जगह दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होंगी।
मेला लगेगा। ऐसे में सभी मार्गों को महोत्सव से पूर्व गड्ढा मुक्त किया जाएगा। विसर्जन के लिए घाटों पर रैंप और क्रेन की व्यवस्था कर विसर्जन को सुगम बनाया जाएगा। नपं अध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी जायसवाल ने सभी स्ट्रीट लाइटों को दो दिनों के अंदर दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
आकस्मिक अवकाश को छोड़ कर नगर पंचायत कर्मियों की छुट्टियां छठ पूजा तक रद कर दी गई हैं। सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि वे त्योहारों की तैयारी के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहें। सार्वजनिक शौचालय, पानी टैंकर, भंडारा स्थल की सफाई और व्यवस्था के लिए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।
नगर में पेय जल आपूर्ति का समय बढ़ाया गया। पर्व, त्योहार और मेले के दौरान सभी कर्मचारी आइडी कार्ड के साथ उपस्थित रहेंगे। बैठक के उपरांत सभी सफाई कर्मचारियों को सेफ्टी किट वितरित की गई।
नपं अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने बताया कि उनका विजन है कि नगर में सफाई, स्वच्छता और सुंदरता के साथ स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाय। इसके लिए सीएचसी के चिकित्सक दशहरा, भारत मिलाप और विसर्जन के दिन विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे।
उन्होंने कहा कि त्योहारों को देखते हुए नगर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुगम यातायात की पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाएगी। किसी को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
बोर्ड की बैठक में अधिशासी अधिकारी सीमा राय, सभासद रवींद्र यादव, कालीचरण वर्मा, इम्तियाज उल हक, अवधेश स्वर्णकार, श्यामलाल, दिनेश जायसवाल, आलोक गुप्त आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- नवरात्र में श्रद्धालुओं को परिवहन विभाग का तोहफा, इन रूटों पर चलेंगी एसी बसें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।