Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: रामलला की एक झलक पाने को घंटों इंतजार कर रहे भक्‍त, 1 घंटे मंदिर बंद होने से VIP रोड पर भी लग जाता है जाम

    Updated: Sun, 22 Dec 2024 09:42 AM (IST)

    राम मंदिर परिसर में शनिवार को अपराह्न सवा दो बजे जमशेदपुर से आए वृद्ध दर्शनार्थी रामचंद्र प्रसाद का धैर्य जवाब दे गया तो वह व्हील चेयर से उठ कर अव्यवस्था को लेकर आक्रोशित होने लगे। उनके बेटे शशि कुमार भी एक दारोगा से शिकायत करने लगे कि वीआइपी दर्शनार्थी आगे बढ़ जा रहे हैं जबकि व्हील चेयर पर बैठे दर्शनार्थी प्रतीक्षा कर रहे।

    Hero Image
    राम मंदिर के महाद्वार के बाहर खड़े होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते श्रद्धालु l

    लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। राम मंदिर की दिनचर्या में परिवर्तन के उपरांत दो माह पूर्व शामिल हुई घंटे भर की मंदिर बंदी दर्शनार्थियों का दर्द बढ़ा रही है। मंदिर बंदी से रामलला की शयन अवधि तो बढ़ गई, पर उनके भक्तों का कष्ट भी बढ़ गया है। अपराह्न में बंदी के बाद मंदिर खुलने पर घंटे भर दर्शन दुर्लभ हो जाता है। रामजन्मभूमि पथ की सभी लेन सहित मंदिर परिसर में इतनी भीड़ इकट्ठा हो जाती है कि व्हील चेयर पर बैठे श्रद्धालु भी हलकान हो उठते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुगम, नित्य व वीआइपी दर्शन मार्ग भी जाम हो जाता है। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन एक अक्टूबर से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर की दिनचर्या में परिवर्तन कर दिया है। दर्शन अवधि व आरती का समय बदलने के साथ एक घंटे की मंदिर बंदी भी सम्मिलित की गई है। एक अक्टूबर से प्रतिदिन अपराह्न 12:30 बजे से 1:30 बजे तक राम मंदिर बंद रखा जाता है। यद्यपि ट्रस्ट के यात्री सेवा केंद्रों से इस अवधि के दर्शन पास नहीं जारी होते हैं, लेकिन दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को व्हील चेयर का आवंटन चलता रहता है।

    लेन में लग जाती हैं लंबी लाइनें

    साधारण दर्शन मार्ग यानी रामजन्मभूमि पथ की सभी लेन पर भी श्रद्धालु खड़े होकर प्रतीक्षा करते रहते हैं। व्हील चेयर और सुगम पास के माध्यम से जाने वाले श्रद्धालुओं की भी अलग लेन में लंबी लाइन लग जाती है। मंदिर खुलने पर सुरक्षाकर्मी डी-वन प्वाइंट (मेटल डिटेक्टर) से थोड़ी-थोड़ी संख्या में भक्तों को आगे बढ़ाते हैं। इसके बावजूद पूरे दर्शन मार्ग और मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हो जाते हैं।

    यह भी पढ़ें: राम मंदिर का निर्माण कब पूरा होगा? ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दिया ये जवाब

    जाम हो जाता है मार्ग

    मंदिर के सिंह द्वार के बगल से जाने वाला वीआइपी व व्हील चेयर मार्ग भी जाम हो जाता है। मंदिर में वीआइपी, सुगम व व्हीलचेयर वाले दर्शनार्थियों का मार्ग एक ही होने से भारी भीड़ लग जाती है। अंदर बनी लेन संकरी होने से व्हील चेयर पर बैठे श्रद्धालु तो परेशान हो उठते हैं, लेकिन साधारण दर्शनार्थी दर्शन करके क्रमबद्ध तरीके से निकलते रहते हैं। लगभग घंटे भर तक श्रद्धालुओं को नियंत्रित कर पाना पुलिसकर्मियों के लिए भी मुश्किल बन जाता है।

    वृद्ध दर्शनार्थी ने किया हंगामा

    राम मंदिर परिसर में शनिवार को अपराह्न सवा दो बजे जमशेदपुर से आए वृद्ध दर्शनार्थी रामचंद्र प्रसाद का धैर्य जवाब दे गया तो वह व्हील चेयर से उठ कर अव्यवस्था को लेकर आक्रोशित होने लगे। उनके बेटे शशि कुमार भी एक दारोगा से शिकायत करने लगे कि वीआइपी दर्शनार्थी आगे बढ़ जा रहे हैं, जबकि व्हील चेयर पर बैठे दर्शनार्थी प्रतीक्षा कर रहे। हंगामा होते देख दारोगा ने दोनों को वीआइपी दर्शन करा मामला शांत कराया, लेकिन अन्य दर्शनार्थी नाराज होने लगे।

    शीघ्र व्यवस्था में किया जाएगा बदलाव

    राम मंदिर के व्यवस्थापक व विहिप पदाधिकारी गोपाल राव ने कहा क‍ि बंदी के बाद मंदिर खुलने पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटना स्वाभाविक है, लेकिन सभी दर्शनार्थियों को सुगमता से दर्शन हो सके, इसके लिए व्यवस्था में शीघ्र कुछ बदलाव अवश्य किया जाएगा। व्हीलचेयर, सुगम व वीआइपी पास वाले दर्शनार्थियों का मार्ग बदला जाएगा।

    यह भी पढ़ें: Ayodhya News: दूरदर्शन पर राम मंदिर की संघर्ष गाथा देखेंगे श्रद्धालु, 5 एप‍िसोड की तैयार हो रही Documentary

    comedy show banner
    comedy show banner