Deepotsav 2024: स्वर्णिम आरोह के नए शिखर का स्पर्श करेगी रामनगरी, श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति का महापर्व
अयोध्या में आठवें दीपोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 28 लाख दीप सजाए गए हैं। रामकथा पर आधारित झांकियों की शोभायात्रा से शुरुआत होगी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री श्रीराम का राज्याभिषेक करेंगे। आतिशबाजी लेज़र शो फ्लेम शो और पर्यावरण अनुकूल ग्रीन आतिशबाजी होगी। दीपोत्सव 30 अक्टूबर को मनाया जाएगा जिसमें रामलीला का मंचन भी होगा। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।

रघुवरशरण, अयोध्या। रामनगरी इसी वर्ष 22 जनवरी को भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ पहले ही 496 वर्ष पूर्व खोया गौरव प्राप्त कर अपार संतुष्टि में लीन है और अब आठवें दीपोत्सव के माध्यम से यह संतुष्टि स्वर्णिम आरोह के नए शिखर का स्पर्श करने को है। यद्यपि दिन ढलने के बाद अंधेरा घिर चुका होगा, किंतु 28 लाख दीप प्रज्ज्वलित होने के साथ अयोध्या की कीर्ति का सूरज चमकेगा।
रामकी पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल पर मंगलवार की शाम तक सभी 28 लाख दीप सज्जित कर दिए गए हैं। इन्हें सज्जित करने के अभियान में 30 हजार स्वयंसेवक तीन दिन तक पूर्ण मनोयोग से संलग्न रहे। यद्यपि उनके अभियान की पूर्णाहुति बुधवार को दीपों के प्रज्ज्वलन से होगी।
झांकियों की शोभायात्रा रामकथा पर केंद्रित
दीपोत्सव के आरंभ की अनुभूति प्रथम बेला में रामकथा पर केंद्रित झांकियों की शोभायात्रा से होगी। ये झांकियां साकेत महाविद्यालय से प्रस्थान करेंगी और रामपथ पर दीपोत्सव की आभा बिखेरती हुई रामकथा पार्क पहुंचेगी।
यहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उप मुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक श्रीराम एवं सीता के स्वरूप का अभिनंदन करेंगे तथा लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने की स्मृति में श्रीराम का राज्याभिषेक करेंगे।
इस अवसर पर धर्म एवं संस्कृति के अनुरागी संत-महंत एवं विशिष्ट जन उपस्थित रहेंगे। इससे पूर्व त्रेतायुगीन पुष्पक विमान की स्मृति जीवंत करते हुए श्रीराम, सीता, भरत, लक्ष्मण एवं हनुमान के स्वरूप हेलीकॉप्टर से सरयू तट स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे और उनकी अगवानी पूरे आदर और उत्सव धर्मिता के साथ राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री अन्य विशिष्ट लोगों के साथ करेंगे।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ दीपोत्सव का मुख्य आयाम पैड़ी परिसर में प्रशस्त होगा और इसके बाद रामकथा पार्क का मंच पुन: आकर्षण का केंद्र बनेगा। रात्रि 8:30 बजे से 11 बजे तक इस मंच पर रूस, नेपाल, श्रीलंका, सिंगापुर आदि देशों के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे।
लगातार सातवीं बार गिनीज बुक में दर्ज होने को तैयार रामनगरी
दीपोत्सव युगों पूर्व श्रीराम की लंका विजय की स्मृति में मनाया जाता है। दीपोत्सव का प्रत्येक संस्करण भव्यता का प्रतिमान गढ़ने वाला रहा है, किंतु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मनाए जाने वाले दीपोत्सव की आभा अवर्णनीय प्रतीत हो रही है। इस बार 28 लाख दीपों के साथ अयोध्या के दीपोत्सव को लगातार सातवीं बार गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स में दर्ज कराने की तैयारी है।
पुष्पक विमान से होगी जीवंत त्रेतायुगीन स्मृति
पर्यटन विभाग ने अयोध्या को सजाने और संवारने के लिए एजेंसियों को चयनित किया है। उसी में से एक विविद इंडिया एडवरटाइजिंग एंड मार्केटिंग कंपनी है। कंपनी की सवीना जेटली ने बताया कि लता चौक के पीछे की साइड एक पुष्पक विमान बनाया जा रहा है।
इसे फ्लेक्स पर न बना कर 36 फीट ऊंचे और 24 फीट चौड़े कैनवास पर बनाया जा रहा है। इसमें श्रीराम की पांच फीट 10 इंच ऊंची तथा माता सीता की पांच फीट चार इंच ऊंची प्रतिमाओं सहित भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी को भी अंकित किया गया है। आतिशबाजी से भी प्रतिमान गढ़ेगी दीपोत्सव की भव्यता
दीपोत्सव के आठवें संस्करण की भव्यता गगनचुंबी आतिशबाजी से भी प्रतिमान गढ़ेगी। एक्सिस कम्युनिकेशन के प्रमुख संजय सिंह के अनुसार बुधवार की शाम पुराने सरयू पुल पर आतिशबाजी, लेज़र शो, फ्लेम शो और संगीत के संगम से भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण प्रदूषण मुक्त ग्रीन आतिशबाजी होगी, जो पर्यावरण को बिना नुकसान पहुंचाए 120 से छह सौ फीट की ऊंचाई तक आसमान में बिखरेगी। इस मनोहारी दृश्य को चार से पांच किलोमीटर के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग देख सकेंगे।
10 मिनट तक प्रस्तावित यह आतिशबाजी सरयू नदी की शांत लहरों पर चमकदार परछाइयों के साथ अद्भुत दृश्य उपस्थित करेगी। इस शो को संगीत की धुन पर तैयार किया गया है।
यह भी पढ़ें: Deepotsav 2024: दीपोत्सव में 250 VVIP व चार हजार अतिथि, नहीं मिला स्थान तो स्थगित हो सकता है ड्रोन शो
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।