यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ayodhya Deepotsav 2025: अस्पतालों में रिजर्व रहेंगे 50 बेड, दस स्थानों पर रहेगी एंबुलेंस की व्यवस्था
अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। 17 से 20 अक्टूबर ...और पढ़ें

HighLights
- आपातकालीन चिकित्सा के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार |
- 17 से 20 अक्टूबर तक चिकित्सक तैनात |
- अस्थाई अस्पताल और आरक्षित बेड की व्यवस्था |
संवाद सूत्र, अयोध्या। रामनगरी में दीपोत्सव के आयोजन के दौरान आपात चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग लगा हुआ है। इसके लिए आसपास के जिलों से चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की मांग की गई है, जो 17 से 20 अक्टूबर तक मौजूद रहेंगे।
इसके साथ ही आठ बेड का अस्थाई अस्पताल बनाया जाएगा, जबकि तीन अस्पतालों में 50 बेडों को आरक्षित किया जा रहा है। चिकित्सकों की मांग को लेकर सीएमओ डा. सुशील कुमार बानियान ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है।
इस बार 17 से 20 अक्टूबर तक प्रस्तावित दीपोत्सव की तैयारी रामनगरी में काफी उल्लास के साथ चल रही है। इसको लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेला क्षेत्र में 15 अस्थाई चिकित्सा कैंप बनवा रहे हैं, जिसमें 40-40 चिकित्सक, फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी स्वास्थ्य कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।
वहीं, दस स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी, जबकि कंट्रोल रूम साकेत महाविद्यालय के सामने बनाया जाएगा। इसके अलावा 20-20 बेड जिला और राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर तथा दस बेड श्रीराम अस्पताल में आरक्षित किया जा रहा है।
सीएमओ ने बताया कि इन तैयारियों के साथ निगरानी में स्वयं के अलावा मेलाधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संदीप शुक्ल सहित दस से अधिक अधिकारियों को लगाया गया है।
