विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Auraiya Murder Case:  चोरी करने घर में घुसे 2 लोग, बुजुर्ग महिला के जागने पर मार डाला, साजिश में शामिल महिला सहित 4 गिरफ्तार

Published: Sun, 25 Oct 2026 06:53 PM (IST)

पुलिस ने औरैया के बंथरा गांव में 62 वर्षीय भूरी देवी की हत्या का खुलासा किया है। चोरी के इरादे ...और पढ़ें

हत्याकांड की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। साथ में गिरफ्तार आरोपित। जागरण

हत्याकांड की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। साथ में गिरफ्तार आरोपित। जागरण

HighLights

  1. बंथरा गांव में 62 वर्षीय भूरी देवी की हत्या का खुलासा

  2. चोरी के इरादे से घर में घुसे, महिला के जागने पर हत्या

  3. तीन आरोपी और एक बाल अपचारी गिरफ्तार, जेवर-नकदी बरामद

संवाद सहयोगी, बिधूना(औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंथरा में 62 वर्षीय भूरी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश करने का दावा किया है। कोतवाली पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के कब्जे से चांदी के जेवरात और नकदी बरामद हुई है।


पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को ग्राम बंथरा में भूरी देवी का शव घर के अंदर मिला था। वह गांव में अकेली रहती थीं, जबकि उनके पति अनंगपाल और दोनों बेटे हरियाणा के फरीदाबाद में निजी नौकरी करते हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर राजफाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था। पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बेला-बिधूना मार्ग से दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे, रेनू सेंगर और रजित सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गोलू ने कथित तौर पर बताया कि दशहरा से पहले रेनू ने भूरी देवी के घर में नकदी और आभूषण होने की जानकारी दी थी। इसके बाद चोरी की योजना बनाई गई।


पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात गोलू और बाल अपचारी दीवार फांदकर घर में घुसे और नकदी व जेवरात चोरी करने लगे। इसी दौरान भूरी देवी के जागने और शोर मचाने की आशंका पर आरोपितों ने कथित तौर पर तौलिये से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद संदेह से बचने के लिए आरोपित अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे।
पुलिस ने आरोपितों के पास से करीब 60 ग्राम चांदी की एक जोड़ी तोड़िया, लगभग 15 ग्राम चांदी की 11 बिछिया और 9,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में बीएनएस की सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।