विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Amroha News: पुलिस के चंगुल से दूर छात्रा पर दिनदहाड़े हमला करने वाला राहुल, वीड‍ियो हुआ था वायरल; तलाश जारी

Published: Mon, 06 Jan 2025 04:01 PM (IST)

एकतरफा प्रेम में दिनदहाड़े छात्रा का गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास करने वाला आरोपित दूसरे दिन भी पुलिस ...और पढ़ें

छात्रा पर हमला करने वाला आरोपी राहुल।- सोर्स- सोशल मीड‍िया
छात्रा पर हमला करने वाला आरोपी राहुल।- सोर्स- सोशल मीड‍िया

जागरण संवाददाता, गजरौला। एकतरफा प्रेम में दिनदहाड़े छात्रा का गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास करने वाला आरोपित दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। उसकी तलाश में पुलिस की तीन टीम उत्तराखंड में डेरा डाले हुए है। हालांकि, मोबाइल बंद करने के बाद उसकी लोकेशन ट्रेस करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब उसके मोबाइल की कॉल डिटेल के सहारे आरोपी तक पहुंचने का प्रयास जारी है। दावा किया जा रहा है कि जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

शनिवार को गजरौला में कॉलेज से घर जा रही छात्रा को गांव के ही युवक राहुल ने जेवी इंटरनेशनल स्कूल के पास रोक लिया था। पहले उससे बात की तथा अचानक छात्रा को धक्का देकर स्कूटी से गिरा दिया था। साथ ही मफलर को उसके गले में डाल कर गला घोंटने का प्रयास किया था। राहगीरों ने न सिर्फ घटना की वीडियो बनाई थी, बल्कि छात्रा को भी बचाया था।

छात्रा को छोड़कर फरार हो गया था आरोपी

मरणासन्न स्थिति में आरोपी छात्रा को छोड़कर फरार हो गया था। स्थानीय लोगों ने ही उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां सूचना मिलने पर स्वजन भी आ गए थे। हालांकि, शाम तक इस मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई थी और आनन-फानन में छात्रा के स्वजन की तहरीर पर आरोपित राहुल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। साथ ही एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने दो टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी, लेक‍िन वह हाथ नहीं लगा था। बाद में रात में ही एसओजी व सर्विलांस टीम को भी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राहुल रविवार तड़के चार बजे तक मुरादाबाद में मौजूद था। चार बजे उसने मुरादाबाद में अपना मोबाइल बंद किया है। जिसके बाद उसकी लोकेशन मिलना बंद हो गई थी। माना जा रहा है कि वह उत्तराखंड की तरफ गया है। लिहाजा पुलिस टीम उत्तराखंड में उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल के सहारे भी संभावित ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। रविवार देर शाम तक आरोपित का कोई सुराग नहीं मिल सका है। उधर, रविवार सुबह छात्रा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। वह घर पर ही थी और सदमे में है। वह किसी से बात भी नहीं कर रही है तथा उसने खाना भी नहीं खाया है।

पुलिस सक्रिय होती तो रात ही पकड़ा जाता राहुल

शनिवार शाम वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। उसके बाद यदि पुलिस सक्रियता दिखाती और आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर उसका पीछा करती तो संभवत वह रात ही पुलिस के हत्थे चढ़ जाता, क्योंकि आरोपी ने रविवार तड़के लगभग चार बजे मुरादाबाद में अपना मोबाइल बंद किया है। यानि तड़के तक वह मुरादाबाद में रहा है और उससे पहले वह जिले में ही मौजूद रहा होगा, लेक‍िन पुलिस ने इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई।

प्रभारी न‍िरीक्षक सनोज प्रताप स‍िंह ने कहा क‍ि  आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम लगातार काम कर रही हैं। जल्दी ही आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें: दोस्तों संग पार्टी करने से नाराज था राहुल...सड़क पर रोककर दबाया लड़की का गला, एनकाउंटर में पुलिस ने किया गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।