यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुफरान सुसाइड मामले में घिरे चौकी प्रभारी पर गिरी गाज, SP ने चार अन्य दारोगा का भी किया तबादला
अमरोहा में हैंडलूम कारोबारी गुफरान की आत्महत्या के मामले में एसपी ने कोट चौकी प्रभारी सत्येंद्र नागर को हटा दिया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, अमरोहा। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने हैंडलूम कारोबारी की आत्महत्या के मामले में आखिरकार कोट चौकी प्रभारी को हटा दिया है। उन पर आरोपितों से हमसाज होने का आरोप लगा था। एसपी ने उन्हें सैदनगली थाने में तैनाती दी है। इसके अलावा चार अन्य दारोगा का भी तबादला किया है।
नगर के मुहल्ला नल नई बस्ती निवासी हैंडलूम कारोबारी गुफरान की आत्महत्या के चर्चित मामले में एसपी ने कार्रवाई शुरू कर दी है।आरोप है कि 24 अगस्त को गुफरान को कोट चौकी में बुलाने के बाद दुकान में बंद कर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी।जिससे आहत होकर गुफरान ने घर जाकर आत्महत्या कर ली थी। इसकी एक वीडियो भी मिली थी। जिसमें गुफरान ने भाभी समेत आठ लोगों को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
गुफरान के पिता अताउल्लाह ने एसपी कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में कोट चौकी प्रभारी सत्येंद्र नागर पर आरोपितों से हमसाज होने का आरोप भी लगाया था। इतना ही नहीं दारोगा पर 30 हजार रुपये जबरदस्ती लेने का भी आरोप था। आरोप है कि बाद में यह तहरीर बदलवाई गई थी। इस मामले में पुलिस आरोपित भाभी सना को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इस क्रम में सोमवार को एसपी ने चौकी प्रभारी सत्येंद्र नागर को हटा दिया है। उनका तबादला सैदनगली थाना के लिए किया है। जबकि पुलिस लाइंस में तैनात दारोगा नरेंद्र कुमार को एसएसआइ आदमपुर, अंकुर मलिक व पुरुषोत्तम को आदमपुर थाना तथा शिवराज को रहरा थाना में तैनाती दी है।
