Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Amethi News: गाय को चारा देने गई महिला पर ढही कच्ची दीवार, दोनों की मौत; लेखपाल ने जांच कर तहसील भेजी रिपोर्ट

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 04:04 PM (IST)

    अमेठी के सिंहपुर में गुरुवार रात एक कच्ची दीवार गिरने से 50 वर्षीय महिला और उसकी गाय की दुखद मौत हो गई। महिला जो गाय को चारा देने गई थी दीवार के नीचे दब गई। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर शवों को निकाला। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने का आश्वासन दिया है।

    Hero Image
    गाय को चारा देने गए महिला पर ढही कच्ची दीवार, दोनों की मौत।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

    संवाद सूत्र, सिंहपुर (अमेठी)। शिवरतनगंज के पूरे उमराव मजरे खारा गांव में गुरुवार रात कच्ची दीवार गिरने से 50 वर्षीय महिला और गाय की मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से दीवार के मलबे को हटाकर महिला और गाय के शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद से परिवारजन का रो रो कर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम ने गाय का पोस्टमार्टम किया। पुलिस के मामले में विधिक कार्रवाई शुरू की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गांव निवासी साहब दीन रैदास की पत्नी मैका उर्फ कूटुरा अपनी पुत्री के साथ घर में रहती थी। जबकि पति व पुत्र दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। गुरुवार रात महिला घर के सामने कच्चे मकान के पास बंधी गाय को चारा देने के लिए गई थी। इसी दौरान कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। जिससे महिला और गाय दीवार के नीचे दब गए। दीवार ढहने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। दीवार के मलबे में दबी महिला और गाय को बाहर निकाला गया, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद महिला के पति और पुत्र शहर से घर आए।

    प्रभारी लेखपाल शिवम ने बताया कि मामले की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। नियमानुसार पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता एवं मुख्यमंत्री आवास का लाभ दिया जाएगा। थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की गई।

    यह भी पढ़ें- अवैध कोचिंग सेंटर पर प्रशासन का शिकंजा, बंद करने के लिए संचालक को एक सप्ताह का अल्टीमेटम