विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सपा की जनसभा में पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक समर्थकों में मारपीट, प्रतापगढ़ में थाने पर भी हंगामा

By Ankur TripathiEdited By:
Published: Fri, 12 Nov 2021 06:02 PM (IST)

पूर्व विधायक श्याद अली ने पार्टी के लिए काम नहीं करने एवं तमाम अन्य आरोप लगाए तो वहां मौजूद पूर्व ...और पढ़ें

पूर्व विधायक श्याद अली ने पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा पर निकाली भड़ास तो भिड़ गए समर्थक
पूर्व विधायक श्याद अली ने पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा पर निकाली भड़ास तो भिड़ गए समर्थक

प्रतापगढ, जेएनएन। विधानसभा चुनाव के शंखनाद के साथ ही पार्टियों में जीत हासिल करने के लिए होड़ शुरू हो गई है। अलग अलग दलों में टिकट की दौड़ में शामिल प्रतिद्वंद्वियों में मारपीट की नौबत आ गई है। कुछ ऐसा ही शुक्रवार को रानीगंज तहसील क्षेत्र स्थित मिर्जापुर चौहारी में आयोजित समाजवादी पार्टी की जनसभा में देखा गया। इस जनसभा में करीब तीन बजे उस वक्त हंगामा शुरू हो गया जब पूर्व विधायक श्याद अली ने पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा पर भड़ास निकालनी शुरू की। हालात ऐसे हुए कि पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री के समर्थकों के बीच झड़प के बाद मारपीट हो गई। पूर्व विधायक ने रानीगंज थाने जाकर मारपीट और हमले की शिकायत की। वहां उनके समर्थक हंगामा करते रहे।

पूर्व मंत्री के समर्थकों के टोकने पर पूर्व विधायक के समर्थकों से टकराव

विधानसभा चुनाव के लिए सपा के नेता भी जगह-जगह चुनावी सभा कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर बाद रानीगंज के मिर्जापुर चौहारी में सपा की जनसभा थी। सभा के दौरान मंच पर मौजूद पूर्व विधायक श्याद अली ने पार्टी के लिए काम नहीं कर पाने एवं तमाम अन्य आरोप लगाए तो वहां मौजूद पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा के समर्थक आवेश में श्याद को ऐसा बोलने से रोकने के लिए पहुंच गए। दोनों नेताओं के समर्थकों में बहस शुरू हुई तो मामला बढ़ गया। देखते ही देखते मंच पर ही दोनों नेताओं के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई। वहां स्थिति बिगड़ी तो जनसभा छोडकर पूर्व विधायक श्याद अली रानीगंज थाना पहुंच गए। वहां पर सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई। समर्थक मुकदमे और गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। इस बीच पूर्व मंत्री आरके चौधरी ने किसी तरह जनसभा को संबोधित करना शुरू किया, लेकिन उसके बाद भी अफरातफरी मची रही। वहीं सपा के कुछ नेता पूर्व विधायक श्याद अली को समझाने थाने पहुंच गए, लेकिन देर शाम तक पार्टी के अंदर मची घमासान का अंत होता नहीें दिखाई दिया।