हर हिंदू के दिल में बसते हैैं कल्याण सिंह, जेल में साथ रहे पूर्व विधायक शिवदानी ने कही ये बात
शिवदानी ने बताया कि 1990 में उन्होंने जेल भरो आंदोलन के दौरान कौशांबी के सराय अकिल कस्बे से गिरफ्तारी दी थी। उनके साथ 43 युवा नैनी जेल में बंद किए गए। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह व शिवदानी को एक बैरिक में रखा गया था। जेल में कल्याण शाखा लगाते थे

कौशांबी, जागरण संवाददाता। राम जन्मभूमि आंदोलन के योद्धा एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने लंबी बीमारी के बाद शनिवार को अंतिम सांस ली। हिंदू जनमानस के कण-कण में कल्याण सिंह बसे थे। सनातन धर्म की रक्षा करने वाले कल्याण सिंह के निधन पर जनपद में शोक की लहर है। जन प्रतिनिधि व जनता श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है। इन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन चलाया था। वर्ष 1990 में चलाए गए राम ज्योति आंदोलन के सैनिक रहे चायल के पूर्व विधायक व मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष शिवदानी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि दी।
जेल में शाखा लगाते थे बाबू जी
शिवदानी ने बताया कि 1990 में उन्होंने भी जेल भरो आंदोलन के दौरान कौशांबी के सराय अकिल कस्बे से गिरफ्तारी दी थी। उनके साथ 43 युवा नैनी सेंट्रल जेल में बंद किए गए। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह व शिवदानी को एक बैरिक में रखा गया था। जेल में कल्याण सिंह शाखा लगाकर बंदियों को हिंदू धर्म व अन्य प्रकार की जानकारी देते थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने नकलविहीन परीक्षा कराई थी। लोगों की भावना को समझ कर काम करने की क्षमता पूर्व मुख्यमंत्री में थी। कहा कि कल्याण सिंह ने राम मंदिर बनाने की मुहिम शुरू की थी जो आज पूरा होने की ओर है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। वह हर हिंदू के दिल में बसे हुए हैं।
तीन बार कौशांबी आ चुके हैं कल्याण
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का कौशांबी में तीन बार आगमन हुआ है। 1994 में मंझनपुर में एक जनसभा को संबोधित करने के अलावा मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने वर्ष 1998 में सराय अकिल कस्बे में बने सरदार पटेल इंटर कालेज में पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया। भाजपा जिला कार्य समिति के सदस्य चंद्रदत्त शुक्ला ने बताया कि 1999 में विधानसभा चुनाव के दौरान में भाजपा से अमृत लाल भारतीय को प्रत्याशी घोषित किया। पश्चिम शरीरा में आयोजित जनसभा को कल्याण सिंह ने संबोधित किया था। पूर्व भाजपा अध्यक्ष उदयन सिंह के घर भी गए थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।