ऐतिहासिक Anand Bhavan का जवाहर तारामंडल आज से खुलेगा, खगोलप्रेमी कर सकेंगे वर्चुअली अंतरिक्ष की सैर
कोरोना वायरस संक्रमण के दूसरे दौर में जवाहर तारामंडल को आम जन के लिए बंद कर दिया गया था। अब अनलाक की प्रक्रिया में आनंद भवन स्थित तारामंडल भी सोमवार से खोला जाएगा। इसकी तैयारियां भी कर ली गई हैं। कोविड-19 गाइडलाइन के पालन का भी ध्यान रखा जाएगा।
प्रयागराज, जेएनएन। ग्रह नक्षत्रों में रुचि रखने वालों यानी खगोलप्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर शांत होने के बाद आज से जवाहर तारामंडल भी आम जन के लिए खोल दिया जाएगा। यह तारामंडल प्रयागराज में ऐतिहासिक आनंद भवन के अंदर स्थित है। आनंद भवन, स्वराज भवन और जवाहर नक्षत्रशाला में देश-विदेश से प्रयागराज भ्रमण को आने वाले सैलानी आते हैं।
कोरोना संक्रमण के दूसरे दौर में जवाहर तारामंडल बंद था
कोरोना वायरस संक्रमण के दूसरे दौर में जवाहर तारामंडल को आम जन के लिए बंद कर दिया गया था। अब अनलाक में बाजार व अन्य संस्थानों को खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में आनंद भवन स्थित तारामंडल को भी सोमवार से खोला जाएगा। इसकी तैयारियां भी कर ली गई हैं। कोविड-19 गाइडलाइन के पालन का भी ध्यान रखा जाएगा।
सुबह 11 से शाम पांच बजे तक हर घंटे चलेगा शो : तारामंडल के निदेशक
जवाहर तारामंडल के निदेशक डा. वाई रविकिरन ने बताया कि 11 बजे से पांच बजे तक हर घंटे शो चलेगा। एक शो 40 मिनट का रहेगा। इसमें सौरमंडल और ब्रह्मांड की विस्तृत जानकारी देने के साथ ही पृथ्वी से तारों की दूरी व ग्रहों के वातावरण के बारे में भी बताया जाएगा। सौरमंडल के ग्रहों पर किस तरह का वातावरण है, वह हमारी पृथ्वी से किस तरह समान है या भिन्न है इसके बारे में भी समझाया जाएगा। खासकर यह शो विद्यार्थियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण और रोचक होंगे। तारामंडल में बैठकर छात्र-छात्राओं को एक तरह से अंतरिक्ष में सैर की अनुभूति कराई जाएगी। अब तक की महत्वपूर्ण खगोली घटनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।
कोविड प्रोटोकाल का रखा जाएगा ख्याल : तारामंडल के निदेशक
तारामंडल के निदेशक ने बताया कि एक बार में 98 लोग शो में शामिल हो सकते हैं लेकिन कोविड प्रोटोकाल को देखते हुए 50 प्रतिशत क्षमता से ही शो चलेगा। अभी एक शो में सिर्फ 45 लोग बैठ सकेंगे। इसके अतिरिक्त जल्द ही विद्यार्थियों को जानकारी देने के लिए शो में अन्य महत्वपूर्ण चीजें भी जोड़ा जाएगा। इसमें सूर्य ग्रहण व चंद्र ग्रहण जैसी घटनाओं व उनके कारणों आदि के बारे में भी बताया जाएगा। इस शो का उद्देश्य विद्यार्थियों में खगोलीय समझ को बढ़ाना व एस्ट्रो फिजिक्स से लोगों को जोडऩा है। दुनियाभर में होने वाली आकाशीय पिंडों संबंधी रोचक घटनाओं की भी जानकारी यहां हासिल की जा सकती है।
बिना मास्क नहीं मिलेगा प्रवेश
जवाहर तारामंडल के निदेशक डॉ. वाई रविकिरन ने बताया कि तारामंडल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मास्क पहनना जरूरी होगा। बिना मास्क के प्रवेश नहीं मिलेगा। सभी का हाथ भी सैनिटाइज कराया जाएगा। शारीरिक दूरी जैसे नियम का पालन करने के लिए एक सीट छोड़कर लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।