Aligarh News : आपने जो सड़कें देखीं, वह शहर की हकीकत नहीं है सीएम साहब, हकीकत कुछ और है
Aligarh News राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के बाद सीएम का प्लान बदला और वे सड़क मार्ग से कार द्वारा कमिश्नरी पहुंचे। इस मार्ग केे गड्ढों को भरवाने के लिए अधिकारी कई दिनों से जुटे थे।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। Aligarh News : राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्याय का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांव मूसेपुर से हेलीकाप्टर से पीएसी आना था। लेकिन, अब फिर ये प्लान बदल गया। वे सड़क मार्ग से कार द्वारा कमिश्नरी आए। मूसेपुर से यहां तक की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। इस मार्ग की सड़कों के गड्ढे भरवाने में कई दिन से अधिकारी जुटे थे। सीएम ने कार से सड़कों को देखा जरूर होगा, लेकिन सीएम साहब यह शहर की हकीकत नहीं है। पिछले सप्ताह पूरा शहर टापू जैसा था। तीन दिन तक सड़कों पर भरे पानी के बीच शहर के लोगों की दिनचर्या क्या रही? आप कल्पना कर सकते हैं। सड़कें उधड़ गईं। बरसात के बाद हर सड़क की एक ही कहानी थी। बड़ा सा गड्ढा और उसमें पानी था। कुछ ही गड्ढे अभी भरे जा सके हैं। शहर में घूमेंगे तो चौंक जाएंगे। अधिकारियों के दावों की सच्चाई भी सामने आ जाएगी।
पिछले महीने दुरुस्त हुई सड़क बरसात में हुई ध्वस्त
पिछलेे महीने भी सीएम कार्यक्रम को देखते हुए सड़कें दुरुस्त कराई गई थीं, जो बरसात में ध्वस्त हो गईं। 16 करोड़ का स्मार्ट रोड, जहां हैबिटेट सेंटर खड़ा है, वो बूंदों में ही बिखर गया था। हालात अभी भी दयनीय हैं। सीएम साहब आप सड़कों की सच्चाई जनप्रतिनिधियों से अवश्य जानिएगा। आखिर, इन्हीं सड़कों से विकास राह निकलती है। ये पीड़ा उन शहरवासियों की है, जो प्रतिदिन बदहाल सड़कों से जूझते हैं।
रद हो गया था मुख्यमंत्री का दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अलीगढ़ हैबिटेट सेंटर सहित अन्य परियोजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम पहले सितंबर में बना था। तब स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने घंटाघर से लेकर एएमयू सर्किल तक आनन-फानन में सड़क बना दी। यही सड़क स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट में शामिल है। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने भी सड़क बनी। नगर निगम द्वारा तस्वीर महल चौराहे के आसपास, अब्दुल्ला कालेज मार्ग सहित अन्य मार्गों पर गड्ढे भरवाए गए थे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद हो गया। कुछ दिन बाद हुई बरसात में स्मार्ट रोड बिखर गया। जगह-जगह बजरी उखड़ आईं। अन्य सड़कों का भी यही हाल हुआ। घटिया निर्माण सामग्री से भरे गड्ढे उभरने लगे। फिर इन सड़कों की मरम्मत नहीं कराई जा सकी। उखड़ी सड़कों पर राहगीर दुश्वारियां झेलते रहे। पिछले दिनों हुई बरसात से ये गड्ढे और गहरे हो गए थे। रामघाट रोड, आगरा रोड, कंपनी बाग, पड़ाब दुबे चौराहा व अन्य सड़कों पर नए गड्ढे बन गए थे। कुछ को ही अभी भरवाया जा सका है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।