Ward's voice : नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी हुए संवेदनशून्य, फिरदौसनगर में समस्या ही समस्या
Wards voice दैनिक जागरण द्वारा चलाए जा रहे आवाज वार्ड की में शहर की समस्याओं को उजागर किया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में आने वाले फिरदौसनगर में समस्या ही समस्या है। यहां के लोगों का कहना है कि निगम के अधिकारी इधर ध्यान नहीं देते।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। Ward's voice : विकास के अछूते क्षेत्रों में न नगर निगम अधिकारी लोगों की पीड़ा सुनते हैं, न जनप्रतिनिधि ही हालात देखने जाते हैं। यही कारण है कि ये क्षेत्र और पिछड़ते जा रहे हैं। वार्ड 64 में शामिल फिरदौस नगर इन्हीं में शामिल है। यहां सड़कें जर्जर हैं, इनकी मरम्मत नहीं हो सकी है। चोक पड़ी नालियां सड़कों पर बहती हैं। सफाईकर्मी कभी-कभार आते हैं। फागिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव तक अधिकारी नहीं करा सके हैं। ‘आवाज वार्ड की’ अभियान के तहत दैनिक जागरण की टीम ने रविवार को क्षेत्रीय लोगों की पीड़ा सुनी।
पांच साल से नहीं बनी कोई सड़क
फिरदौस नगर में अधिकतर सड़कें जर्जर हालत में हैं। नालियों की नियमित सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर भरता है। इससे भी सड़कें खराब हो रही हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि पांच साल से कोई सड़क नहीं बनी हैं। जो सड़कें खराब हो चुकी थीं, उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। मुख्य मार्ग पर गड्ढे हो रहे हैं। गलियों में सड़कें धंस गई हैं। साफ-सफाई भी तब होती है, जब आलाधिकारियों से शिकायत की जाए। निकासी न होने से खाली प्लाट में गंदा पानी भर जाता है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। इसकी नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग में शिकायत की जाती है तो अधिकारी संसाधनों की कमी बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं। स्ट्रीट लाइट ठीक न होने से रात में हादसे की आशंका रहती है। अगले माह एक युवती की शादी होनी है। स्वजन ने घर के बाहर स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की गुहार नगर निगम में लगाई थी। पर, स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं कराई गई। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में फागिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं कराया गया है। बाकी क्षेत्रों में कराया जा रहा है।
इनकी सुनो
काफी परेशानी हो रही है। पांच साल में एक सड़क तक नहीं बनी है। नालियों की नियमित सफाई न होने से जलनिकासी अवरुद्ध है। घरों के आगे गंदा पानी भरता है।
- बंटी प्रधान
सड़कें खराब हो चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे हैं। नगर निगम सड़कों की मरम्मत नहीं करा पा रहा है। नई सड़कें भी नहीं बनाई जा रही हैं।
- वीरेंद्र सिंह
नगर निगम अधिकारियों को लोगों की पीड़ा सुननी चाहिए। कोई अधिकारी समस्या देखने नहीं आता है। जनप्रतिनिधियों को भी फुर्सत नहीं है।
- छोटेलाल
सड़क और स्ट्रीट लाइट ठीक हो जाएं तो काफी राहत मिले। इन संबंध में कई बार मांग हो चुकी है पर, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
- अनिल
गलियों में गंदा पानी भर जाता है। साफ-सफाई भी नियमति नहीं हो रही है। विभागीय अधिकारियों को समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए।
- इशाक मोहम्मद
इनका कहना है
नालियों की नियमित सफाई व कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छता निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय है। घरों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को प्रभावी किया जा रहा है। वी स्वच्छ एप लांच किया है, इसकी मदद से कूड़ा उठाने वाले वाहनों की लोकेशन मिल सकेगी। नए क्षेत्र भी इस व्यवस्था से जोड़े जा रहे हैं।
- मनोज प्रभात, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।