कुर्सी के लिए सपा में घमासान, हाथापाई और हंगामा... राष्ट्रीय महासचिव के सामने मंच पर भिड़े सपाई
अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम में मंच पर कुर्सी को लेकर विवाद हो गया। पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इश्हाक को कुर्सी न मिलने पर उनके समर्थक और दूसरे गुट के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। राष्ट्रीय महासचिव सलीम इकबाल शेरवानी ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। कार्यक्रम में संविधान बचाने का भी आह्वान किया गया।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सपा के राष्ट्रीय महासचिव सलीम इकबाल शेरवानी के सामने ही मंच पर शनिवार को पार्टी नेता भिड़ गए। पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इश्हाक को मंच पर कुर्सी न मिलने को लेकर दो गुटों में बंटे कार्यकर्ता आमने-सामने आए। पहले नोकझोंक हुई फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई।
यह सब देख शेरवानी को सीट से उठना पड़ा और माइक पर अनुशासित रहने के निर्देश देने पड़े। उन्होंने कहा कि यह समाजवादियों का मंच है। इस तरह अनुशासनहीनता न तो पार्टी के लिए ठीक है, ना ही संगठन के कार्यकर्ता के हित में होगी। तब कहीं मंच से लोग हटे।
सपा की ओर से आइटीआइ रोड स्थित जुपीटर लाज में आरक्षण दिवस, संविधान-मानस्तंभ व स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आयोजकों ने मंच पर 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था की थी।
अज्जू इश्हाक को मंच पर बैठने कुर्सी न मिलने पर हुआ विवाद
इसमें पहली पंक्ति में शेरवानी, राष्ट्रीय पदाधिकारी, पूर्व प्रतिनिधि व जिला व संगठन के अध्यक्षों के बैठने की व्यवस्था थी। हर सीट पर पर्ची लगी हुई थी। प्रारंभ में पहली पंक्ति की पर्ची लगी सीट खाली रहीं। दूसरी पंक्ति के लोग भी बाहर आयोजन स्थल के बाहर थे। अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे देरी से पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव शेरवानी की अगुवानी में कई बड़े स्थानीय नेता गए। कुछ बाहर खड़े हो गए। शेरवानी के आगमन के साथ ही कार्यक्रम शुरू हो ही रहा था तभी कुर्सी को लेकर विवाद हो गया।
मनोज यादव से कहासुनी
पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इश्हाक को मंच पर कुर्सी न मिलने पर नाराज हुए। मनाेज यादव से उनकी कहासुनी हो गई। नाराजगी दिखाते हुए मंच से नीचे आ गए। तभी अतरौली के पूर्व विधायक वीरेश यादव ने अज्जू का बुलतो हुए उनके समर्थन में आयोजकों पर निशाना साधा। इसी बात पर बात बिगड़ गई। आरोप है कि पूर्व विधायके के सुरक्षागार्ड ने मनोज यादव को धक्क मार दिया। जिससे वह बाल-बाल बचे। धक्के से मनोज यादव के चालक मंच से गिर गए। दोनों में खूब कहा सुनी हुई।
पूर्व विधायक वीरेश यादव और महासचिव मनोज यादव के समर्थके भी आए आमने-सामने
सपा पार्षद दल के नेता हफीज अब्बासी, सचेतक आशिफ व उनके समर्थकों ने विरोध करना प्रारंभ कर दिया। इंटरनेट पर इसका वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। हंगामे के बाद अज्जू को भी मंच पर स्थान मिला। कार्यक्रम भी हुआ, लेकिन नेताओं के मन मिले हुए नहीं दिखे। जिला और महानगर के बीच पहले भी कई मौकों प विवाद निकल कर सामने आया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक जफर आलम व जिलाध्यक्ष का होर्डिंग्स पर फोटो न होने पर भी समर्थकों ने नराजगी जताई।
इनका कहना है
कार्यकर्ता कई दिनों से आयोजन को सफल बनाने के लिए लगे हुए थे। भीड़ ने आयोजन को सफल बनाया। ये भीड़ ही कुछ लोगों को हजम नहीं हुई। मेरे साथ धक्का-मुक्की भी हुई। घर में चार बर्जन होते हुए तो खनकते ही हैं। हमें पार्टी को मजबूत बनाने पर काम करना है। मनोज यादव, सपा, जिला महासचिव
मंच पर पहले भी मेरे साथ हो चुका है। मैं कभी विवाद नहीं करना चाहता। जो भी हुआ वो एक परिवार में होने वाले घटनाक्रम के अनुसार ही है। हमें सबकुछ भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ना है। - अज्जू अश्हाक, पूर्व महानगर अध्यक्ष
बड़े आयोजनों में ऐसा हो ही जाता है। पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता हैं। हमें आगे की तैयारी पर काम करना है। यही संदेश राष्ट्रीय महासचिवत देकर गए हैं। - वीरेश यादव, पृूर्व विधायक
बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान को समाप्त करने पर आमदा भाजपा सरकारें
सपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी ने दावा किया है कि एनडीए की सरकार डा. बीआर आंबेडकर के संविधान को सामाप्त करने की तैयारी कर चुकी है। भाजपा के नेतृत्व में इसकी शुरूआत बिहार से हो चुकी है। केंद्र के इशारे पर इस राज्य में होने वाले आम विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची संसोधन के नाम पर विपक्षी दलों के लाखों वोटों को काटा जा रहा है।
यह संवैधानिक व्यवस्था का मखौल है। मगर सपा ऐसा नहीं होने देगी। इसके लिए हमें धैर्य व अनुशासित रहते हुए बाबा साहब के संविधान को बचाने व जन विरोधी नीतियों का डटकर विरोध करना है। यह सरकार समाज को बांटने के लिए काम कर रही है।
आरक्षण दिवस, संविधान-मानस्तंभ व स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेरवानी ने कहा कि पीडीए को हमें मजबूत करके चलना है। सभी मिलकर एससी,पिछड़ा,अल्पसंख्यकों,शोषित,पीड़ित एवं वंचितों को लेकर के अपने संविधान की रक्षा के लिए एक जुट रहें। इन्हें अधिकारों के लिए सजग रहना होगा। वर्ष 2027 के मिशन को सफल बनाने के लिए संगठन को मजबूत करें।
भाजपा को हटाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पूर्ण बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बनाना है। विशिष्ट अतिथि सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद ने पार्टी को बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। अध्यक्षता कर रही जिला महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी ने बताया कि पीडीए की 13 मेधावी छत्राओं को साइकिल व मुलायम सिंह यादव अवार्ड से सम्मानित किया। संचालन जिला महासचिव मनोज यादव ने किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।