Smart City: अलीगढ़ के विस्तारित 20 गांव होंगे स्मार्ट, ये है योजना
Smart City Aligarh अलीगढ़ में स्मार्ट सिटी के फंड से कूड़ा उठाने के लिए वाहन खरीद लिए गए हैं। अभी और वाहन खरीदे जाने हैं। सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। कर्मचारियों की तैनाती के बाद नियमित सफाई हो सकेगी।

अलीगढ़, संदीप सक्सेना। नगर निगम की विस्तारित सीमा में शामिल गांवों स्मार्ट सिटी के सहयोग से स्मार्ट होंगे। नगर निगम व स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने कुछ ऐसी ही योजना बनाई है। इन गांवों में न सिर्फ प्रत्येक घर से कूड़ा उठाया जाएगा बल्कि, सफाई कर्मचारियों की तैनाती भी होगी। स्मार्ट सिटी के फंड से कूड़ा उठाने के लिए वाहन खरीद लिए गए हैं। अभी और वाहन खरीदे जाने हैं। सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। कर्मचारियों की तैनाती के बाद नियमित सफाई हो सकेगी।
नगर निगम में 20 वार्ड और बढ़े
शुक्रवार को अलीगढ़ में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उधर, अमृत योजना के द्वितीय चरण में गांव-गांव वाटर लाइन बिछाई जाएगी। इससे पेयजल संकट दूर होगा। नगर निगम की विस्तारित सीमा में 35 ग्राम पंचायतें शामिल हुई हैं। पहले 70 वार्ड थे, अब 90 हो गए हैं।
बुलडोजरों को सीएम योगी ने दिखाई थी हरी झंडी
नगर आयुक्त अमित आसेरी ने बताया कि नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन को सुदृढ़ बनाए जाने के लिए 10.75 करोड़ रुपये से डोर टू डोर कलेक्शन के लिए 113 टाटा एस वाहन, मुख्य मार्गों की सफाई के लिए दो रोड स्वीपिंग मशीन, डलाबघरों से कूड़ा कलेक्शन के लिए दो रिफ्यूज कांपैक्टर, सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन व कूड़ा उठान के कार्य के लिए चार जेसीबी खरीदी गई हैं। इन्हीं वाहनों काे हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री ने रवाना किया। ये वाहन वार्डों में लगाए जाएंगे। स्वच्छता निरीक्षकों की निगरानी में वाहनों का संचालन किया जाएगा। एटूजेड कंपनी को भी जिम्मेदारी दी गई हैं।
एप से मिलेगी कूड़ा उठाने वाली मशीनों की लोकेशन
डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के अलावा डलाबघरों से भी कंपनी द्वारा कूड़ा उठाया जा रहा है। इस व्यवस्था को प्रभावी किया जाएगा। शत-प्रतिशत घरों से कूड़ा उठ सके, इस तरह की व्यवस्था की गई है। घरों को वी स्वच्छत एप से भी जोड़ा जा रहा है। दो वार्डों में ये व्यवस्था कर दी गई है, अन्य वार्ड भी जल्द ही जोड़ दिए जाएंगे। इस एप की मदद से लोगों को कूड़ा उठाने वाले वाहन की लोकेशन मिल जाएगी। कूड़ा नहीं उठ सका तो एप पर ही शिकायत दर्ज हो जाएगी। वाहन उस क्षेत्र में हुआ तो कूड़ा उठाने पहुंचेगा। यूजर चार्ज भी एप की मदद से जमा हो सकेगा। अन्य सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।