यमुना का जलस्तर बढ़ने से बटेश्वर में घाट डूबे, श्रद्धालुओं के स्नान पर रोक; 50 गांवों के 25 हजार लोगों की उड़ी नींद
आगरा के बाह तहसील में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से 50 गांवों में दहशत फैल गई है। बटेश्वर घाट डूब गए हैं जिससे श्रद्धालुओं के स्नान पर रोक लगानी पड़ी है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है और लोगों को नदी से दूर रहने की चेतावनी दी है। फतेहाबाद तहसील में जलस्तर में कमी आने से थोड़ी राहत मिली है।

जागरण संवाददाता, आगरा। बाह तहसील में चंबल के बाद अब यमुना नदी ने हजारों लोगों को डराना शुरू कर दिया है। गुरुवार को यमुना के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई। इससे बटेश्वर घाट डूब गए। अनहोनी के डर से श्रद्धालुओं के स्नान पर रोक लगा दी गई है। पुलिस को तैनात कर दिया गया है।
जलस्तर बढ़ने से बाह तहसील के 50 गांवों के 25 हजार लोगों की नींद उड़ गई है। वहीं शहरी क्षेत्र में बल्केश्वर,दयालबाग, जीवनी मंडी वाटरवर्क्स और फतेहाबाद तहसील के आधा दर्जन गांवों में जलस्तर में मामूली कमी आई है।
गोकुल बैराज से अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जाता है तो जलस्तर बढ़ने से इन्कार नहीं किया जा सकता है। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने एसडीएम सदर, फतेहाबाद, एत्मादपुर, बाह को दिशा निर्देश जारी किए हैं। सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। राशन किट को भी जरूरत के हिसाब से तैयार किया जा रहा है।
तहसील सदर : यमुना का जलस्तर बढ़ने से बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट के आसपास पानी भर गया। कैलाश मंदिर के पास तक पानी पहुंच गया। दयालबाग में यमुना लबालब बहने लगी। बुधवार रात नौ बजे तक जलस्तर 492.2 फीट था।
गुरुवार को जलस्तर में .3 की कमी आई और यह 491.9 फीट पर पहुंच गया। एसडीएम सदर सचिन राजपूत ने बताया कि लेखपालों की टीम को लगातार दिया गया है। 495 फीट पर लो फ्लड का बिंदु है।
तहसील बाह : तहसील प्रशासन ने कछपुरा, बुढैरा, विक्रमपुर, बिठौली, भरतार, गढ़ी बरौली, चौरंगा बीहड़, कलिंजर, स्याही, बटेश्वर, पारना, कचौरा घाट, रामपुर चंद्र सैनी सहित 50 गांवों में हाई अलर्ट कर दिया है। आधा दर्जन बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है।
अधिकारियों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ ने बताया कि नदी किनारे जाने पर रोक है। लोगों को नदी से दूर रहने के लिए कहा जा रहा है। वहीं जिस तरीके से जलस्तर बढ़ रहा है। इससे फसलों को नुकसान पहुंचने से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
फतेहाबाद तहसील : यमुना नदी के जलस्तर में तीन इंच की कमी आई। इससे तहसील प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस तहसील के कई गांवों के किनारे तक पानी पहुंच गया था।
यह भी पढ़ें- UP Flood: बाढ़ के पानी ने लीले अब तक 517 घर, CM योगी आदित्यनाथ ने औरैया-आगरा का किया हवाई सर्वेक्षण
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।