Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Update: दिन चढ़ते ही सूरज के तीखे तेवर... आगरा में प्रचंड गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त; लू का अलर्ट

    Updated: Sun, 08 Jun 2025 07:58 AM (IST)

    Weather Update आगरा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 10 और 11 जून को लू चलने की चेतावनी जारी की है जिसमें तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि 13 जून को बारिश की संभावना है।

    Hero Image
    Weather Update: प्रस्तुतीकरण के लिए फाइल फोटो का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में शनिवार को गर्मी ने दिनभर लाेगों का हाल बेहाल किया। सुबह से शाम तक सूरज की तीखी किरणों की वजह से लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया। दोपहर में सड़कों पर बहुत कम लोग नजर आए। अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश के गरम शहरों में आगरा दूसरे स्थान पर रहा। 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज प्रदेश में सर्वाधिक गरम रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, आठ से 12 जून तक गर्मी सितम ढहाएगी। 10 व 11 जून को लू चलेगी और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 13 जून को वर्षा हो सकती है।

    दिन में तेज धूप के चलते घर से बाहर निकलना हुआ दूभर

    शहर में शनिवार को सुबह से धूप निकली। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, सूर्य के तेवर भी तीखे होते चले गए। सुबह 10 बजे से ही धूप में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। जरूरी काम होने पर ही दोपहर में शहरवासी घर से बाहर निकले। गर्मी अधिक पड़ने से पंखे हांफ गए और कूलर व एसी में ही राहत मिल सकी। शाम को पांच बजे के बाद भी तेज धूप आंखों में चुभती रही। अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

    10 व 11 जून को लू चलेगी, 13 को वर्षा होने के आसार

    शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार व सोमवार को आसमान साफ रहेगा। तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी।

    मौसम विज्ञानी का ये है पूर्वानुमान

    मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि पाकिस्तान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने से मौसम शुष्क हो गया है। 10 जून तक मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखने को मिलेगी।