Agra Shops Collapse: आगरा में पांच दुकानों की छत ढहीं, हादसे में 9 लोग मलबे में दबे; 2 भाइयों की मौत
Summery आगरा के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-7 में शनिवार को तीन दुकानों की दीवार तोड़ते समय पांच दुकानों की छतें ढह गईं। हादसे में नौ लोग मलबे में दब गए। दो घंटे के बचाव अभियान के बाद सभी को निकाला गया जिनमें दो भाइयों की मौत हो गई। दो घायल गंभीर हैं। बचाव कार्य में इंस्पेक्टर आनंदवीर सिंह भी घायल हुए।

जागरण संवाददाता, आगरा। दुकानों के बीच की दीवार तोड़ते समय पांच दुकानें भरभरा कर गिर गईं। पांचों दुकानों की संयुक्त छत गार्डर और पत्थर की थी। पांच में से तीन दुकानों के बीच की दीवार तोड़ी जा रही थी। दुकान मालिक दो भाइयों की मलबे में दब कर मृत्यु हो गई। सात घायलों में से दो गंभीर हैं।
स्थानीय लोगों, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दो घंटे तक बचाव अभियान चलाया। इस दौरान लोहे का गार्डर पैर पर गिरने से इंस्पेक्टर जगदीशपुरा आनंदवीर सिंह भी घायल हो गए। आवास विकास कॉलोनी में विष्णु उपाध्याय और उनके भाइयों किशन चंद उपाध्याय, पुष्कर उपाध्याय की पांच दुकानें थीं। पांचों दुकानों की संयुक्त छत है। इनमें से दो दुकानों में शराब का ठेका संचालित था।
31 मार्च को शराब का ठेका पास की दुकान में शिफ्ट हो गया। एक दुकान में विष्णु के भांजे ब्रजेश और त्रिलोकी की परचून की दुकान थी। दोपहर तीन बजे तीनों भाई, दुकानों के बीच की दीवार को मजदूरों से तुड़वा रहे थे। पांचों दुकानों की संयुक्त छत के नीचे बीच में केवल एक खंभा था।
सात लोगों का चल रहा उपचार
जर्जर हो चुकी छत को सपोर्ट के लिए बल्लियां लगाकर दीवार तोड़ी जा रही थी। तभी अचानक छत और दीवारें भरभराकर गिर पड़ीं। तेज धमाके के साथ मिट्टी का गुबार उठा। दो घंटे के बचाव कार्य के बाद मलबे से सभी नौ लोगों को बाहर निकाल एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी भेज दिया। यहां 60 वर्षीय विष्णु उपाध्याय और उनके भाई 65 वर्षीय किशन चंद उपाध्याय की मृत्यु हो गई। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि दुकानों के मलबे में नौ लोग दबे थे। सात लोगों का उपचार चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।