Road Safety: आगरा दिल्ली नेशनल हाईवे पर रंबल स्ट्रिप्स बनाने का काम शुरू, लगाए जा रहे रिफ्लेक्टिव टेप
Road Safety आगरा दिल्ली रोड पर सिकंदरा गुरु का ताल सहित अन्य जगहाें पर चल रहा है काम। रात में चमकती हैं रंबल स्ट्रिप और स्पीड ब्रेकर जैसा झटका भी नहीं। रुनकता से सिकंदरा के मध्य लगाए गए हैं संकेतक बोर्ड।

आगरा, जागरण संवाददाता। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर संरक्षा के उपाय शुरू हो गए हैं। शहरी क्षेत्र से होकर गुजरने वाले हाईवे के प्रमुख तिराहा/ चौराहा के दोनों ओर यह बनाए जा रहे हैं। रंबल स्ट्रिप्स (कंपन पट्टी) से वाहन चालकों समय रहते सतर्क हो जाएंगे। इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी। वहीं रेलिंग में रिफ्लेक्टिव टेप, संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। यह कार्य रुनकता से सिकंदरा के मध्य शुरू हुआ है।
नेशनल हाईवे-19 पर हर दिन लाखों रुपये का टोल वसूला जाता है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा और आगरा खंड द्वारा जिस तरीके से संरक्षा के इंतजाम किए जाने चाहिए। वह नहीं किए गए हैं। दैनिक जागरण ने सुरक्षित यातायात अभियान में इसकी पोल खोल दी। जिले में 71 ब्लैक स्पाट हैं, जिसके आसपास संरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। एनएचएआइ मथुरा खंड के परियोजना प्रबंधक वीके जोशी ने बताया कि सिकंदरा तिराहा, गुरु का ताल तिराहा पर रंबल स्ट्रिप्स बन गई हैं। साथ ही रिफ्लेक्टिव टेप भी लग गए हैं। यह कार्य बाकी स्थलों पर भी किया जा रहा है।
नाला सफाई भी शुरू
सिकंदरा तिराहा से शास्त्रीपुरम रेल ओवर ब्रिज तक हाईवे के दोनों तरफ नाला बना हुआ है। इस साल नाले की ठीक से सफाई नहीं की गई है। इससे जरा सी वर्षा में हाईवे पर जलभराव हो जाता है। वाहनों की गति पर अंकुश लग जाता है। जिसे देखते हुए नाले की सफाई की जा रही है।
सभी हाईवे पर जल्द पूरे होंगे संरक्षा के इंतजाम
डीएम नवनीत सिंह चहल का कहना है कि दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे, जयपुर हाईवे, ग्वालियर हाईवे, हाथरस हाईवे, जलेसर हाईवे सहित अन्य पर सड़कों में संरक्षा के इंतजाम के लिए कहा गया है। जल्द ही संरक्षा के इंतजाम के प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
क्या है रंबल स्ट्रिप्स
सेवानिवृत्त इंजीनियर बीके चौहान ने बताया कि रंबल स्ट्रिप्स पीले रंग के बनाए जाते हैं। असावधान चालक को रंबल स्ट्रिप्स संभावित खतरे के प्रति सचेत कर देता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।