विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी के इस जिले में अब 40 से अधिक स्पीड में नहीं चला सकेंगे वाहन, ट्रैफिक विभाग ने जारी किया आदेश

Published: Tue, 06 Feb 2024 05:55 PM (IST)

एमजी रोड समेत शहर की सड़कों को खाली देख कर यदि आप एक्सीलेटर दाब रहे हैं तो सतर्क हो जाएं। ...और पढ़ें

यूपी के इस जिले में अब 40 से अधिक स्पीड में नहीं चला सकेंगे वाहन
यूपी के इस जिले में अब 40 से अधिक स्पीड में नहीं चला सकेंगे वाहन

जागरण संवाददाता, आगरा। एमजी रोड समेत शहर की सड़कों को खाली देख कर यदि आप एक्सीलेटर दाब रहे हैं तो सतर्क हो जाएं। शहर में वाहन को 40 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से न दौड़ाएं। तेज आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। चौराहों पर लगे सीसीटीवी से आपके वाहन का चालान हो सकता है। चौराहों पर लगे स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी आपके वाहन की गति को पकड़ेंगे, नियंत्रण कक्ष में तैनात यातायात पुलिस वाहन का चालान करेगी।

एमजी रोड समेत शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर वाहनों की गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है। इसके बावजूद चालक सड़क को सुनसान देख तेज रफ्तार से वाहनों को दौड़ाना शुरू कर देते हैं। विशेषकर रात के समय यातायात का दबाव कम होने पर एमजी रोड, माल रोड, फतेहाबाद रोड, शमसाबाद मार्ग, सदर में ग्वालियर हाईवे, बिचपुरी समेत अन्य मार्गों पर चालक तेज रफ्तार से वाहनों को दौड़ाते हैं।

40 की स्पीड से अधिक चलने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

शहर में रात में नो एंट्री खुलने पर भारी वाहनों के चालक भी तेज अंधाधुंध रफ्तार से चलते हैं। यही कारण है कि अधिकांश हादसे भी रात में होते हैं। रफ्तार के चलते कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। शहर में हादसों पर शिकंजा कसने के लिए यातायात पुलिस अब 40 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक गति से वाहन दौड़ाने वाले चालकों पर कार्रवाई की तैयारी में है। इसके लिए चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी।

स्मार्ट सिटी योजना में लगे अपग्रेड हो चुके कैमरे एक चौराहे से दूसरे चौराहे के बीच की तय की गई दूरी के समय को तय कर वाहन की गति निकालेंगे। इसके आधार पर यातायात पुलिस वाहन चालकों का चालान करेगी।

शहर में 43 चौराहों पर लगे हैं चालान वाले कैमरे

शहर में 63 चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगी है। जबकि 43 चौराहों पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत वाहनों का चालान करने वाले सीसीटीवी लगे हैं।स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम को अपग्रेड किया गया है। इससे अब तेज रफ्तार वाहनों का भी चालान किया जा सकेगा।

पिछले वर्ष 500 से अधिक लोगों ने गवाईं थीं जान

वर्ष 2023 में एमजी रोड, हाईवे, राष्ट्रीय राजमार्ग-19, इनर रिंग रोड समेत प्रमुख मार्गों पर हुए हादसों में 500 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई। हादसों का एक प्रमुख कारण वाहनों की तेज रफ्तार थी। गुरु का ताल ब्लैक स्पाट पर दो दिसंबर तेज रफ्तार कंटेनर ने आटो को रौंद दिया था। इसमें चालक समेत छह लोगों की मृत्यु हो गई थी। इससे पूर्व 27 नवंबर को एमजी रोड पर एसएन इमरजेंसी के सामने तेज रफ्तार कार यूनीपोल से टकराने पर दो लोगों की मृत्यु हो गई थी।

 

एमजी रोड समेत शहर में वाहनों की गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटे निर्धारित है। इससे अधिक गति से वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ चौराहों पर लगे सीसीटीवी की मदद से चालान किया जाएगा।- सैयद अरीब अहमद,  एसीपी यातायात

इसे भी पढ़ें: माफियावाद का पर्याय नहीं अब विकासवाद की नई परिभाषा लिखेगा पूर्वांचल, बजट में रखा गया विशेष ध्यान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।