Murder Mystery: 600 नंबर्स और 200 घरों के दरवाजे खटखटाए, नहीं हुई शव की शिनाख्त, आज भी चुनौती बनी है महिला की पहचान
Murder Mystery कभी-कभी पुलिस के लिए कुछ केस ऐसे होते हैं जो सुराग होने के बाद भी खुल नहीं पाते। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक महिला को जलाकर मारा था। फोरेंसिक वैज्ञानिकों की टीम ने किया था क्राइम सीन का रीक्रिएशन।

आगरा, जागरण टीम। क्राइम की घटनाओं में पुलिस हर खुलासा कर सके ऐसा प्रयास रहता है। लेकिन कुछ केस चुनौती भरे होते हैं और हर सुराग डेड एंड पर जाकर खत्म हो जाता है। एक ऐसा ही मामला है यमुना एक्सप्रेसवे पर मिला महिला की लाश का। 600 फोन नंबर्स पर कॉल और 200 से ज्यादा घराें का दरवाजा खटखटाने के बाद भी एक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
क्राइम सीन काे दोहराने के बाद भी नहीं मिली कामयाबी
फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन का रीक्रिएशन भी किया। ये केस है यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 20 माह पहले मिले महिला के जले हुए शव का। महिला की हत्या करके उसके शव को फूंका गया था। मगर, पुलिस के प्रयासों के बाद भी अभी तक गुत्थी नहीं सुलझी है।
पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए किया प्रयास
खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे झाड़ियों में एक महिला का जला हुआ शव मिला था। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक महिला के कपड़े भी जल चुके थे। मौके पर एक मंगलसूत्र और दोनों पैरों में छह बिछुए मिले थे। महिला की हत्या कर उसके शव को जलाए जाने की आशंका थी। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के प्रयास किए।
ये भी पढ़ें... India New CDS : सीडीएस अनिल चौहान को है अनोखा शौक, पड़ोसी देश नेपाल से हुई इसकी शुरुआत
पुलिस ने सर्विलांस का लिया सहारा
आसपास के जनपदों की गुमशुदगी की जानकारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शिनाख्त के लिए पुलिस ने पंफलेट छपवाकर एक्सप्रेसवे से आने-जाने वाले वाहनों पर चस्पा भी किए और सर्विलांस का सहारा लिया। इसके आधार पर करीब 600 मोबाइल नंबर पुलिस को मिले थे। इनमें से 200 नंबर संदिग्ध माने गए। इन सभी नंबरों की मौजूदगी घटनास्थल के पास पाई गई थी।
पुलिस के इन प्रयासों के बाद भी नहीं मिली सफलता
- पांच हजार पंफलेट यमुना एक्सप्रेस वे से आने-जाने वाले वाहनों पर चस्पा किए गए और आसपास के जिलों में बांटे गए।
- घटना से एक दिन पहले खंदौली के मलूपुर में तेरहवीं का कार्यक्रम था। घटनास्थल भी मलूपुर गांव के पास था। इसलिए तेरहवीं में आने वाले लोगों से पूछताछ की गई।
- आसपास के जिलों में घटना के दिनांक से पहले लिखी गई महिलाओं की गुमशुदगी की जानकारी की गई।
- आसपास के जनपदों में लिखी गई गुमशुदगी की जानकारी की गई।
- फोरेंसिक वैज्ञानिकों ने क्राइम सीन रीक्रिएशन किया।
- सर्विलांस की मदद से दो सौ संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले। मोबाइल धारकों से पुलिस ने पूछताछ कर ली।
दिल्ली से मुंबई तक तलाश
इनमें से कुछ मोबाइल नंबर महाराष्ट, दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा के थे। नाम और पतों के आधार पर पुलिस ने सभी के घर दस्तक दी। मगर, कोई जानकारी हाथ नहीं लगी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इस मामले में क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला को पत्र लिखा था।
ये भी पढ़ें... Mathura News: खतरे में बच्चों की जिंदगी, स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से दस छात्र घायल
विधि विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिकों की टीम ने खंदौली पहुंचकर घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन किया। महिला का पुतला बनाकर एक्सप्रेस वे से फेंका। यह देखा गया कि महिला का शव एक्सप्रेस वे से फेंका गया होगा या नीचे ही हत्या कारके शव जलाया गया। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस की जांच को दिशा मिल सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।