पीले रंग के होंगे मेट्रो कोच, 26 जनवरी को जारी होगी डिजाइन
ताज पूर्वी गेट स्टेशन के 12 पिलरों की पाइलिंग का कार्य अंतिम चरण में यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक ने की बैठक कार्य की रफ्तार को बढ़ाने पर जोर
आगरा, जागरण संवाददाता। लंबे इंतजार के बाद मेट्रो कोच का रंग तय हो गया है। मेट्रो कोच पीले रंग का होगा। 26 जनवरी 2021 को मेट्रो की डिजाइन जारी होगी। मेट्रो कोच का निर्माण वड़ोदरा, गुजरात की फैक्ट्री में चल रहा है। इसमें एक से डेढ़ साल का समय लगेगा।
उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से आगरा मेट्रो की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्य की रफ्तार को बढ़ाने के आदेश दिए। शहर में तीस किमी लंबा मेट्रो ट्रैक होगा। दिसंबर 2022 को ताज पूर्वी गेट से लेकर जामा मस्जिद स्टेशन तक मेट्रो का संचालन शुरू होगा। फतेहाबाद रोड पर फिलहाल ताज पूर्वी गेट स्टेशन का निर्माण चल रहा है। यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि 12 पिलरों की पाइलिंग का कार्य अंतिम चरण में है। ताज पूर्वी गेट, बसई और फतेहाबाद रोड स्टेशन का निर्माण 272 करोड़ रुपये से होगा। वहीं पीएसी ग्राउंड में आगरा मेट्रो का पहला डिपो बन रहा है।
टीम ले रही मिट्टी के नमूने
यूपीएमआरसी की टीम ताज पूर्वी गेट स्टेशन के विभिन्न स्थलों से मिट्टी के नमूने ले रही है। मंगलवार को दो स्थलों से नमूने लिए गए। पावर विंच मशीन से 134 फीट की गहराई से मिट्टी के नमूने लिए गए हैं।
जल्द होंगे तीन स्टेशनों के टेंडर
यूपीएमआरसी की टीम जल्द ही तीन स्टेशनों ताजमहल, आगरा किला और जामा मस्जिद स्टेशनों के टेंडर करने जा रहा है। तीनों स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। मेट्रो संचाल न के लिए शहर में तेजी से काम किया जा रहा है। प्रयास किया जा रहा कि तय समय सीमा में काम पूरा हो जाए।