लखनऊ हत्याकांड: अरशद का बस्ती से नहीं था सरोकार, मां-बहनों को घर में... आगरा में पड़ोसियों ने बताई क्या थी हकीकत
लखनऊ में चार बहनों और मां की हत्या करने वाले अरशद का परिवार 12 साल पहले आगरा आया था। इस्लाम नगर टेढ़ी बगिया में मकान बनवाया था। 50 वर्ग गज हिस्सा सामने रहने वाले अलीम खान को बेच दिया था। अरशद और उसके पिता बदरुद्दीन उर्फ बदर किसी से संपर्क नहीं रखते थे। हमेशा झगड़ा करते रहते थे। अरशद अपनी मां और बहनों को घर से नहीं निकलने देता था।

जागरण संवादताता, आगरा। लखनऊ में चार बहनों और मां की हत्या करने वाले अरशद का परिवार 12 वर्ष पहले आगरा में आया था। उन्होंने इस्लाम नगर टेढ़ी बगिया में 100 वर्ग गज का प्लॉट खरीदकर मकान बनवाया था। फरवरी 2024 में 50 वर्ग गज हिस्सा सामने रहने वाले अलीम खान को सात लाख रुपये में बेच दिया था।
पहले सिर्फ एक कमरा बना था। सात लाख रुपये आने के बाद 50 वर्ग गज में चार कमरों का दो मंजिला मकान बना लिया था। अरशद और उसके पिता बदरुद्दीन उर्फ बदर दोनों के बारे में आसपास के लोगों ने बताया कि वे किसी से कोई संपर्क नहीं रखते थे। हमेशा झगड़ा ही करते रहते थे।
अरशद अपनी मां और बहनों को घर से नहीं निकलने देता था और न ही किसी को घर में आने देता था। पूरी बस्ती उसके खिलाफ रहती थी। अरशद ने एक तरह से परिवार के लिए घर को कैदखाना बना रखा था। बुधवार को भी उसके घर से ताला लगा मिला। कोई रिश्तेदार भी उसके घर नहीं पहुंचा।
ऑनलाइन शिकायत कर घर छोड़कर चला गया था परिवार
बदर ने 18 दिसंबर को आइजीआरएस पर शिकायत की थी। इसमें उसने लिखा था कि वह हिंदू धर्म अपनाना चाहता है। बस्ती के लोग उसे परेशान करते हैं। उसके घर में पत्थर फेंकते हैं। उसने पत्र में यह भी लिखा था कि वह अपने मकान को मंदिर ट्रस्ट में देना चाहता है। यह शिकायती पत्र 23 दिसंबर को थाना ट्रांस यमुना पहुंचा।
पुलिस ने उससे कई बार संपर्क किया, लेकिन उसने कह दिया कि अभी वह बाहर है। आने पर थाने बयान देने आ सकेगा। पुलिस ने आसपास के लोगों से उसके बारे में पता किया तो उसके आरोप सही नहीं पाए गए।
अरशद ने जारी किया था वीडियो
आगरा के टेढ़ी बगिया के इस्लाम नगर निवासी मो. अरशद ने वीडियो जारी किया। वीडियो में आरोप लगा रहा है कि बस्ती के कुछ दबंग जमीनों पर कब्जा करते हैं, गैरकानूनी धंधे करते हैं। उसने वीडियो में आगरा के ही रानू उर्फ अफताब अहमद, अलीम खान, सलीम, ड्राइवर, अहमद, आरिफ, अजहर व अन्य रिश्तेदार व ऑटो चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही कहा कि बस्ती के दबंग पिता मो. बदर व मुझे झूठे मामले में जेल पहुंचाकर बहनों को हैदराबाद में बेचना चाहते थे, इसलिए यह गुनाह मैंने व पिता ने मिलकर किया है। बहनों का गला दबाकर, हाथों की नसें काटकर हत्या करनी पड़ी।
ये है मामला
लखनऊ के होटल शरणजीत में पांच लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम 24 वर्षीय अरशद ने दी है। उसने अपनी मां और चार बहनों की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।