Diwali 2022: खुशखबरी DVVNL अपने उपभाेक्ताओं को देगा इस दिवाली ये स्पेशल गिफ्ट, दिए गए निर्देश
Diwali 2022 दीपावली पर 24 घंटे निर्बाध बिजली की होगी आपूर्ति। भरपूर रोशनी के बीच मनेगी दिवाली। वीसी के माध्यम से सभी मुख्य अभियंताओं को दिए निर्देश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दीपावली पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराए जाने के हैं आदेश।

आगरा, जागरण संवाददाता। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) अपने उपभोक्ताओं को दीपावली पर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का गिफ्ट देगा। दीपावली और धनतेरस के दिन आम दिनों की तरह बिजली जाएगी नहीं। इसके लिए प्रबंध निदेशक डीवीवीएनएल अमित किशोर ने वीसी के माध्यम से सभी मुख्य अभियंताओं को यह सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए हैं। यह भी निर्देश दिए हैं कि अगर कहीं पर कोई दिक्कत है तो उसे अभी दूर कर लिया जाए। ताकि उपभोक्ता दीपावली का त्योहार जगमगाती रोशनी के बीच हर्षोंउल्लास के साथ मना सकें।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए आदेश का हो रहा अनुपालन
दीपोत्सव के इस त्योहार में डीवीवीएनएल भी अपने उपभोक्ताओं को भरपूर रोशनी देगा। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दीपावली पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। प्रबंध निदेशक डीवीवीएनएल अमित किशोर ने शुक्रवार को अपने अधिकारियों से वीसी के माध्यम से विद्युत आपूर्ति पर चर्चा की। दीपावली के दिन 24 घंटे विद्युत आपूर्ति में कोई दिक्कत तो नहीं आएगी। इसके लिए ट्रांसमिशन से भी चर्चा कर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराए जाने पर चर्चा की जाए। उन्होंने सभी अधीनस्थों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी बिन्दुओं पर अभी से गौर कर लिया जाए, ताकि 24 घंटे उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जा सके। मुख्य अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंताओं को प्रबंध निदेशक के निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित कराए जाने के आदेश दिए हैं।
हम अपने उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति देंगे। इसके लिए सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया है। कहीं कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
अमित किशोर
प्रबंध निदेशक, डीवीवीएनएल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।