Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा एयरपोर्ट पर बढ़ रहींं सुविधाएं, अब कई शहरों के लिए उपलब्‍ध है सीधी विमान सेवा

    By Prateek GuptaEdited By:
    Updated: Sat, 05 Mar 2022 11:35 AM (IST)

    कई सालों तक सुनसान रहे आगरा एयरपोर्ट पर अब गतिविधियां बढ़ रही हैं। देश के कई प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी होने के चलते यहां यात्रियों की संख्‍या में इजाफा हो रहा है। इसके साथ ही एयरपोर्ट प्रबंधन भी सुविधाएं बढ़ाने पर ध्‍यान दे रहा है।

    Hero Image
    आगरा में विमान सेवाएं बढ़ने के साथ खेरिया एयरपोर्ट पर सुविधांएं भी बढ़ रही हैं।

    आगरा, राजीव शर्मा। ताजनगरी में हवाई सेवा को पंख लग रहे हैं। बीते तीन साल में जनवरी में न सिर्फ फ्लाइटों की संख्या बढ़ी है बल्कि तीन गुने से अधिक यात्री भी हो गए। इस साल जनवरी में खेरिया हवाई अड्डे से 114 फ्लाइटों का संचालन हुआ। इनमें 5,308 यात्रियों ने सफर किया। जबकि जनवरी 2020 में 68 फ्लाइटें चलीं। इनमें 1,503 यात्रियों ने सफर किया। बीते दिसंबर में भी आठ हजार से अधिक यात्रियों ने खेरिया हवाई अड्डे से सफर किया। जोकि पिछले तीन सालों के दिसंबर में सबसे अधिक यात्रियों का ग्राफ रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एयरपोर्ट अथोरिटी आफ इंडिया ने हाल ही में जनवरी माह की अपनी रिपोर्ट जारी की है। उसके अनुसार, जनवरी में ताजनगरी में पिछले तीन सालों में फ्लाइट से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। वर्तमान में आगरा से देश के चार प्रमुख शहरों (मुंबई, बेंगलुरु, भोपाल व लखनऊ) के बीच फ्लाइटों का संचालन हो रहा है। हालांकि इनमें से किसी भी शहर के लिए प्रतिदिन हवाई सेवा फिलहाल उपलब्ध नहीं है। सप्ताह के अलग-अलग दिनों इनका संचालन हो रहा है। अहमदाबाद फ्लाइट वर्तमान में स्थगित चल रही है। अप्रैल में इसके पुन: संचालन की संभावना है।

    जनवरी में फ्लाइटों की स्थिति

    वर्ष   फ्लाइट   यात्री

    2022 114     5,308

    2021 08       83

    2020 68     1,503

    दिसंबर में फ्लाइटों की स्थिति

    वर्ष    फ्लाइट         यात्री

    2021 100         8,625

    2020 10           173

    2019 64            821

    इन दिनों उपलब्ध हैं फ्लाइट

    आगरा-मुंबई फ्लाइट- सोमवार, बुधवार, शुक्रवार।

    आगरा-बेंगलुरु फ्लाइट- मंगलवार, गुरुवार, शनिवार।

    आगरा-भोपाल फ्लाइट- सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, रविवार।

    आगरा-लखनऊ फ्लाइट- मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार।

    पुरानी बसें हटीं, इलेक्ट्रिक बसें आईं

    अर्जुन नगर गेट से खेरिया हवाई अड्डे तक यात्रियों को ले जाने और छोड़ने के लिए लगाई गईं पुरानी खटारा बसों को हटा दिया गया है। इनके स्थान पर तीन नई इलेक्ट्रिक बसें लगाई गई हैं। शुक्रवार से इनका संचालन शुरू हो गया है। इन बसों में पुरानी बसों की अपेक्षा सीटें कम हैं। इसके चलते इन्हें एक-दो फेरे ज्यादा लगाने पड़ रहे हैं।

    260 से अधिक यात्रियों ने मुंबई फ्लाइट में किया सफर

    पुन: शुरू हुई मुंबई फ्लाइट शुक्रवार को खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंची। इसमें 260 से अधिक यात्रियों ने सफर किया। दूसरे दिन भी इसमें यात्रियों की संख्या काफी अधिक रही। मुंबई के साथ ही पुणे और महाराष्ट्र के दूसरे शहरों में आने-जाने के लिए काफी लोग इस फ्लाइट का उपयोग कर रहे हैं। आगरा ही नहीं, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हाथरस, धौलपुर, भरतपुर के लोगों के लिए यह फ्लाइट काफी उपयोगी साबित हो रही है।

    खेरिया हवाई अड्डे से अर्जुन नगर गेट तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है। पुरानी बसों को हटा दिया गया है।

    एए. अंसारी, निदेशक, खेरिया हवाई अड्डा