Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अरबपति ससुराल वाले दहेज में मांग रहे 10 करोड़, विवाहिता को किया इतना प्रताड़ित कि आवाज तक चली गई

    Updated: Wed, 02 Jul 2025 08:19 AM (IST)

    आगरा के एक व्यवसायी ने अपने करोड़पति ससुराल वालों पर बेटी से 10 करोड़ रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया है। शादी में 4 करोड़ खर्च करने के बाद भी ससुराल वाले और दहेज की मांग कर रहे थे। आरोप है कि विवाहिता को प्रताड़ित किया गया जिसके कारण उसकी आवाज तक चली गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। कारोबारी ने बेटी की ससुराल वालों पर दहेज में 10 करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाया है। शादी में चार करोड़ खर्च के बाद भी परेशान करने की बात कही है। प्रताड़ना के कारण विवाहिता की आवाज निकलना बंद हो गई है। दिल्ली के रहने वाले ससुराली भी अरबपति बताए हैं। पुलिस आयुक्त से शिकायत के बाद हरीपर्वत पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आवास विकास कॉलोनी निवासी राजेश कुमार अग्रवाल पुलिस को बताया कि 12 नवंबर 2024 को बेटी का विवाह दिल्ली, पीतमपुरा के गौरव जैन से किया था। विवाह में चार करोड़ रुपये खर्च हुए थे। आरोप है कि विवाह के तुरंत बाद ही ससुरालीजन दिए गए दहेज से असंतुष्ट होकर तनु को अपमानजनक बातें कहने लगे। उसे ताने देकर 10 करोड़ रुपये और लाने की मांग की गई।

    गौरव के पिता प्रदीप जैन ने तलाक के कागजातों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और मानसिक उत्पीड़न किया। तीन फरवरी 2025 को बेटी को बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह नोएडा पहुंची। वहां से परिजन उसे लेकर आगरा लौटे। इलाज के लिए उसे सर गंगाराम और मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    बेटी अवसाद में

    राजेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी बेटी की आवाज तक चली गई थी और अब वह अवसाद में है। 24 जून 2025 को गौरव जैन ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इससे आहत होकर उन्होंने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है।

    इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि गौरव जैन (पति), प्रदीप जैन (ससुर), कृष्णा जैन (सास), रीना जैन (ननद) और जिनेन्द्र जैन (नन्दोई) के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, स्त्रीधन की हेराफेरी और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

    500 करोड़ की आसामी होने का घमंड

    पीड़ित राजेश अग्रवाल का आरोप है कि बेटी का ससुर प्रदीप जैन बड़ा कारोबारी है। 500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने का घमंड दिखाता है। हमें मामूली बताकर धमकाता है। पैसे के दम पर बेटे की बीस करोड़ दहेज लेकर दूसरी शादी कराने की धमकी दी है।