Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Panchayat Elections: ईवीएम से नहीं... आगरा जिले में बैलेट पेपर से होगा पंचायत चुनाव, तैयारी शुरू!

    Updated: Tue, 17 Jun 2025 03:41 PM (IST)

    आगरा में पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार चुनाव बैलेट पेपर से होगा ईवीएम से नहीं। जिले में 20.29 लाख मतदाता हैं और 3407 बीएलओ हैं। मतदाता सूची के सत्यापन के लिए एक विशेष एप बनाया गया है। बूथों का चयन भी किया जा रहा है और जल्द ही अधिकारियों की बैठक होगी।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। जिला प्रशासन ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी चालू कर दी है। अगले साल होने वाले चुनाव में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रयोग नहीं किया जाएगा। पूर्व की तरह चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। इस माह के अंत में आगरा में बैलेट बाक्स आने जा रहे हैं। जिले में 20.29 लाख मतदाता और 3407 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिले में 2021 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए थे। चुनाव में बैलेट पेपर का प्रयोग किया गया था। शासन के आदेश पर पांच जून तक परिसीमन की रिपोर्ट मांगी गई थी। जिले की किसी भी ग्राम पंचायत में परिसीमन में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। निर्वाचन कार्यालय ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी हैं।

    जिले में 20.29 लाख हैं मतदाता, 3407 हैं बीएलओ

    राज्य निर्वाचन आयोग से मतदाता पुनरीक्षण अभियान की तिथि आना बाकी रह गया है। इस साल सभी बीएलओ को मतदाता सूची का सत्यापन करना होगा। इसके लिए विशेष एप विकसित किया गया है। सभी बीएलओ को यह एप अपने मोबाइल में डाउनलोड करना होगा। सूची का सत्यापन करने के बाद डाटा फीड करना होगा। साथ ही बूथों का भी चयन करना होगा। अगर कोई बूथ जर्जर बिल्डिंग में है तो उसे हटाया जा सकता है।

    एक नजर में पंचायत चुनाव की डिटेज

    • 20.29 लाख कुल मतदाता जिले में हैं
    • 690 कुल ग्राम पंचायत हैं
    • 115 न्याय पंचायत हैं
    • 9180 ग्राम पंचायत सदस्य हैं
    • 1257 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं
    • 51 जिला पंचायत सदस्य हैं
    • 3407 जिले में कुल बूथ हैं

    विशेष एप से होगा मतदाता पुनरीक्षण अभियान

    आयोग के निर्देश हैं कि 1200 मतदाताओं पर एक बूथ बनेगा। ऐसे में सूची के सत्यापन के बाद मतदाताओं की संख्या में भी बढ़ोतरी हो सकती है। जल्द ही अधिकारियों की बैठक भी होने जा रही है। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि ईवीएम के बदले बैलेट पेपर से ही पंचायत चुनाव होंगे। पूर्व की तरह बैलेट पेपर अलग अलग रंग के होंगे।