पत्नी और खुद की नस काट बाथरूम में बंद हुआ पति, बेटे की कॉल पर दौड़ी-दौड़ी पहुंची पुलिस और फिर...
आगरा के न्यू आगरा में एक पति ने पत्नी से विवाद के बाद मारपीट की और उसके हाथ-पैर की नसें काट दीं। फिर खुद को बाथरूम में बंद कर घायल कर लिया। बेटे ने पुलिस को बुलाया जिन्होंने दरवाजा तोड़कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। दंपति के बीच शक को लेकर विवाद था। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत में सुधार है पर अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

जागरण संवाददाता, आगरा। न्यू आगरा क्षेत्र में एक पति ने विवाद के बाद पत्नी से मारपीट करने के बाद धारदार हथियार से उसके हाथ और पैर की नसें काट दीं। इसके बाद खुद को बाथरूम में बंद कर लहूलुहान कर लिया। बेटे के 112 नंबर पर फोन करने से मौके पर पहुंची पुलिस ने गेट तोड़कर दोनों को निकाला। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
न्यू आगरा के दंपति में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। पति बात-बात पर पत्नी पर शक करता था। बुधवार सुबह छह बजे दोनों में किसी बात पर बहस होने लगी। मारपीट के बाद पति ने धारदार हथियार से बच्चों के सामने पत्नी के हाथ और पैर की नसें काट दीं। खुद को बाथरूम में बंदकर अपने ऊपर भी गहरे वार कर लहूलुहान कर लिया। दोनों की गंभीर हालत देख बेटे ने हेल्पलाइन नंबर 112 नंबर पर काल कर मदद मांगी।
पीआरवी 6511 पर तैनात पीआरवी के कमांडर होमगार्ड नरेश कुमार और चालक बेताल सिंह मौके पर पहुंचे। हालात देखते हुए बाथरूम का दरवाजा तोड़ पति को बाहर निकाला। घायल अवस्था में दोनों को एसएन मेडिकल कालेज पहुंचाया गया। पुलिस की सक्रियता से दंपत्ति की जान बच गई। इंस्पेक्टर न्यू आगरा राजीव त्यागी ने बताया दोनों की हालत में सुधार है। मामले में परिवार ने कोई तहरीर नहीं दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।