यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पिछले 4.5 साल में खुले 268 मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, 6.7 लाख लोगों को मिला रोजगार
ICEA की रिपोर्ट के मुताबिक देश में 120 की बजाय 268 नई फैक्टरियां हैं

नई दिल्ली (टेक डेस्क)। भारत में मोबाइल हैंडसेट और इसके पार्ट्स बनाने वाली मैन्युफैक्चरिंग युनिट की संख्या में लगातार वृद्धि देखने को मिली है। द इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (ICEA) ने तमाम अटकलबाजीयों पर विराम लगाते हुए कहा, पिछले 2-3 महीनों में इस क्षेत्र में विस्तृत फिजिकल वेरिफिकेशन किया गया है। इसके तहत ICEA के रिसर्चस ने देशभर में मौजूद ऐसी मैन्युफैक्चरिंग युनिट्स का दौरा किया। ICEA और मोबाइल हैंडसेट मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री को इस बात का अंदाजा तो पहले से ही था कि देश में सरकार द्वारा बतायी जा रही 120 से ज्यादा नई मैन्युफैक्चरिंग युनिट मौजूद हैं।
वास्तविक वेरिफिकेशन ने इस विश्वास पर मुहर भी लगा दी। ICEA की रिपोर्ट के मुताबिक देश में 120 की बजाय 268 नई ऐसी फैक्टरियां हैं। यही नहीं इन फैक्टरियों में 6.7 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है, जबकि पहले दावा किया गया था कि इस क्षेत्र में 4.5 लाख लोग कार्यरत हैं।
ICEA के अध्यक्ष श्री पंकज मोहेंद्रू ने कहा, ‘भारत सरकार के मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत मोबाइल हैंडसेट इको सिस्टम पहले ही एक चैंपियन की तरह सबसे आगे खड़ा है। उसमें भी सर्वे के अनुसार 268 ऐसी फैक्टरियों का होना एक बड़ी उपलब्धि है। यह भी एक तथ्य हम पहले ही पेश कर चुके हैं कि मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में हो रही प्रगति के कारण ही देश का 3 लाख करोड़ रुपये का फॉरेन एक्सचेंज बचा है जो इंपोर्ट के रूप में चला जाता। यह मैन्युफैक्चरिंग युनिट न सिर्फ बड़े स्तर की हैं, बल्कि घरेलू इंडस्ट्री के आगे बढ़ने का रास्ता भी प्रशस्त करती हैं। भारत सरकार की नीतियों और सरकार की रूचि के चलते, वैश्विक और भारतीय उद्यमियों ने भारत को मोबाइल हैंडसेट मैन्युफैक्चरिंग के मामले में दूसरे स्थान तक पहुंचा दिया है।‘
उन्होंने आगे कहा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में घोषणा की है कि भारत नंबर 1 ग्लोबल मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग डेस्टिनेशन बनेगा। यह एक बहुत ही महत्वकांक्षी कदम है। हम प्रधानमंत्री के इस दृष्टिकोण के साथ मजबूती से खड़े हैं।‘
आपको बता दें कि साल 2014 में देश में सिर्फ 3 मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग युनिट ही रह गई थीं। इनकी मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी भी सिर्फ 58 मिलियन युनिट्स ही रह गई थी और यह बुरी तरह से नीचे को ओर गिर रही थी। जबकि उससे ठीक एक साल पहले 2013 में 130 मिलियन मोबाइल हैंडसेट देश में बनते थे। साल 2014-15 में नोकिया की चेन्नई स्थित मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग युनिट के बंद होने से देश में मोबाइल कंपोनेंट बनाने का पूरा कारोबार ही ठप हो गया।
श्री मोहेंद्रू ने आगे कहा, यह तो एक शानदार यात्रा की एक शुरुआत भर है। हमारे सामने बेहतरीन मौका है कि हम केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के साथ मिलकर इस क्षेत्र की प्रगति के साथ ही देश को भी आगे ले जाएं। ऐसा करके हम अगले 6-7 सालों में 50 लाख लोगों को नौकरियां देने और 18 हजार नई फैक्टरियां लगाने के सपने को साकार कर सकते हैं।