Remedies for Pitra Dosh: कैसे पहचाने कि घर में लगा है पितृ दोष, ये रहे मुक्ति के उपाय
अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसका विधि विधान से अंतिम संस्कार न किया गया हो या फिर किसी की अकाल मृत्यु हो जाए तो उस व्यक्ति से जुड़े परिवार के लोगों को पितृ दोष का दंश झेलना पड़ता है।
नई दिल्ली, आध्यात्म डेस्क। Remedies for Pitra Dosh: पितरों के आशीर्वाद से परिवार और घर फलता-फूलता है लेकिन अगर पूर्वज नाराज हो जाए तो कई पीढ़ियों तक पितृ दोष का दंश झेलना पड़ता है। ऐसे में कुछ उपाय करने से पितृ दोष से छुटकारा पाया जा सकता है, और आपके घर में फिर से खुशियां लौट सकती हैं।
पितृ दोष होने पर मिलते हैं कौन-से संकेत
कुंडली में पितृ दोष होने पर व्यक्ति को जीवन में कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार बनते-बनते काम भी बिगड़ जाते हैं। बिजनेस से लेकर नौकरी तक में हानि होने लगती है।
दांपत्य जीवन में क्या समस्याएं आती हैं
घर में पितृ दोष होने पर दंपत्ति के ढेरों प्रयास करने के बाद भी उन्हें संतान सुख नहीं मिलता। या फिर उत्पन्न हुए संतान मंदबुद्धि, विकलांग आदि होती है। कई बार बच्चे के पैदा होते ही मृत्यु हो जाती है। इन संकेतों से पता चलता है कि घर में पितृ दोष लगा है।
किन परेशानियों का करना पड़ता है सामना
घर में रह रहे लोगों के बीच किसी न किसी बात पर लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं। घर में मौजूद सदस्यों में कोई-न-कोई बीमार हो जाता है। विवाह में अड़चन आती है। परिवार को दुर्घटनाओं का सामना भी करना पड़ता है। यह सभी संकेत बताते हैं कि घर में पितृ दोष लगा है।
क्या हैं पितृ दोष से बचने के उपाय
अगर आपकी कुंडली में पितृदोष है, तो पितरों की फोटो दक्षिण दिशा की ओर लगाएं। इसके साथ ही रोजाना माला चढ़ाकर उनका स्मरण करना चाहिए। पीपल के पेड़ पर दोपहर के समय जल चढ़ाएं। इसके साथ ही फूल, अक्षत, दूध, गंगाजल और काले तिल भी चढ़ाने चाहिए और पितरों का स्मरण करना चाहिए।
रोजाना शाम के समय दक्षिण दिशा की ओर एक दीपक जलाएं। अगर रोजाना दीपक जलाना संभव न हो, तो पितृपक्ष के दौरान जरूर जलाएं। पितृदोष से मुक्ति पाने के लिए गरीब कन्याओं का विवाह कराएं। किसी के विवाह में मदद करने से भी पितृ दोष से निजात मिल जाती है।
डिसक्लेमर: 'इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।'