दीवाली से पहले दरवाजे पर नींबू-मिर्च क्यों लटकाते हैं? लक्ष्मी जी की बड़ी बहन अलक्ष्मी से जुड़ी है कहानी
दीवाली से पहले दरवाजे पर नींबू-मिर्च क्यों लटकाते हैं? जानिए मां लक्ष्मी की बड़ी बहन अलक्ष्मी से जुड़ी पौराणिक कथा, ...और पढ़ें

दीवाली पर नींबू-मिर्च का क्यों बढ़ जाता है महत्व? (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली का त्योहार मां लक्ष्मी के स्वागत और घर में सुख-समृद्धि लाने का पर्व माना जाता है। इस दिन लोग अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं, मुख्य द्वार को फूलों और रंगोली से सजाते हैं और शाम को विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करते हैं। इस दौरान घर के मुख्य द्वार पर नींबू-मिर्च टांगने की परंपरा भी कई घरों में निभाई जाती है। आपने अक्सर देखा होगा कि लोग दिवाली से पहले अपने घर और दुकान के दरवाजे पर नींबू-मिर्च लगाते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि दिवाली पर इस परंपरा का क्या महत्व है? क्या सच में मां लक्ष्मी की पूजा से पहले दरिद्रता की देवी खट्टा और तीखा खाने आती हैं? आइए जानते हैं इसके पीछे की धार्मिक मान्यता और नींबू-मिर्च टांगने का कारण।
दिवाली पर मुख्य द्वार पर क्यों टांगते हैं नींबू-मिर्च?
हिंदू धर्म में घर के मुख्य द्वार को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इसी रास्ते से घर में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि का प्रवेश होता है। इसलिए लोग मुख्य द्वार को साफ रखते हैं और उसे शुभ चीजों से सजाते हैं। नींबू-मिर्च टांगने की परंपरा भी इसी विश्वास से जुड़ी हुई है।
मान्यता के अनुसार, नींबू-मिर्च लगाने से घर को बुरी नजर और नकारात्मक शक्तियों से बचाया जा सकता है। दिवाली जैसे शुभ अवसर पर लोग चाहते हैं कि उनके घर में मां लक्ष्मी का वास हो और किसी तरह की नकारात्मकता प्रवेश न करे। इसी कारण मुख्य द्वार पर नींबू-मिर्च टांगने की परंपरा निभाई जाती है।
मां लक्ष्मी की बहन अलक्ष्मी से जुड़ी है मान्यता
धार्मिक मान्यताओं में मां लक्ष्मी की एक बड़ी बहन का उल्लेख मिलता है, जिन्हें अलक्ष्मी कहा जाता है। उन्हें दरिद्रता और दुर्भाग्य का प्रतीक माना जाता है। प्रचलित कथाओं के अनुसार, जहां मां लक्ष्मी को मीठा और मिष्ठान पसंद होता है, वहीं अलक्ष्मी को खट्टा और तीखा स्वाद प्रिय होता है।
नींबू-मिर्च से जुड़ी है यह लोककथा
एक प्रचलित लोकमान्यता के अनुसार, दीवाली की रात लक्ष्मी पूजन से पहले अलक्ष्मी घर के आसपास आती हैं। ऐसी धारणा है कि घर के मुख्य द्वार पर टंगे नींबू-मिर्च से अलक्ष्मी खट्टा और तीखा स्वाद ग्रहण कर लेती हैं और घर के अंदर प्रवेश नहीं करतीं। इसी वजह से लोग दिवाली पर मुख्य द्वार पर नींबू-मिर्च टांगते हैं, ताकि दरिद्रता घर से दूर रहे और मां लक्ष्मी का आगमन हो।
अत: अपने घर को अलक्ष्मी की बुरी नजरों से बचाना है, तो आप भी इस दीवाली घर के मुख्य द्वार पर नींबू मिर्च टांगना न भूलें।
यह भी पढ़ें- दीवाली पर कौड़ी को क्यों माना जाता है मां लक्ष्मी का रूप, पूजा के बाद तिजोरी में रखने से क्या होता?
यह भी पढ़ें- राजा बलि का महल छोड़ देवराज इंद्र के पास क्यों चली गईं थीं मां लक्ष्मी? पढ़ें महाभारत के शांति पर्व का रोचक रहस्य
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।