अयोध्या के राजकुमार होने के बावजूद आश्रम की कुटिया में क्यों पले-बढ़े लव-कुश? उत्तरकांड में दर्ज है वजह
भगवान श्रीराम के पुत्र लव-कुश का बचपन महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में बीता, क्योंकि लोक-निंदा के कारण माता सीता को अयोध्या से निष्कासित कर दिया गया था। वाल्मीकि ने सीता को आश्रय दिया, जहाँ लव-कुश का जन्म हुआ और उन्होंने शास्त्रों व युद्ध कला का ज्ञान प्राप्त किया।

महर्षि वाल्मीकि की कुटिया बनी थी लव-कुश की पाठशाला (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी अनेक गाथाएं प्रचलित हैं, लेकिन धार्मिक ग्रंथ रामायण के उत्तरकांड में एक ऐसा प्रसंग देखने को मिलता है, जिसमें महर्षि वाल्मीकि के आश्रम की कुटिया में लव-कुश के बचपन का वर्णन किया गया है।
इस बात को जानकर आपके मन में सवाल आ रहा होगा कि श्रीराम के पुत्र होने के बावजूद लव और कुश का बचपन महर्षि वाल्मीकि के तपस्वी आश्रम की कुटिया में क्यों बीता? पौराणिक कथा के अनुसार, अयोध्या से माता सीता के परित्याग के बाद महर्षि वाल्मीकि ने उन्हें अपने आश्रम में शरण दी, जहां लव-कुश का जन्म और पालन-पोषण हुआ। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में आपको इस प्रसंग के बारे में विस्तार से बताते हैं।
माता सीता को महर्षि वाल्मीकि ने आश्रम में दिया आश्रय
वाल्मीकि रामायण की कथा के अनुसार, रावण का वध करने के बाद भगवान श्रीराम अयोध्या लौट चुके थे और उनका भव्य राज्याभिषेक भी हो चुका था। जब भगवान श्रीराम अयोध्या का शासन संभाल रहे थे, तो इस दौरान माता सीता गर्भवती हुईं। तब प्रजा के बीच माता सीता के लंका प्रवास को लेकर उठने वाली लोक-निंदा और संदेह की बातें भगवान श्रीराम के कानों तक पहुंचीं।
इसके बाद भगवान श्रीराम के आदेश पर लक्ष्मण जी माता सीता को वन में छोड़ आए। वन में जब माता सीता को महर्षि वाल्मीकि ने देखा, तो उन्होंने पुत्री के समान स्नेह देते हुए आश्रम में रहने के लिए कहा। इसके बाद माता सीता ने उनके आश्रम में वास किया।
माता सीता ने दिया दो जुड़वां पुत्रों को जन्म
वाल्मीकि रामायण के उत्तरकांड सर्ग 66 में वर्णन किया गया है कि महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में माता सीता ने दो जुड़वां पुत्रों को जन्म दिया था। इसके बाद शिशुओं के कल्याण के लिए धार्मिक संस्कार किए गए। पौराणिक कथा के अनुसार, कुश घास से जुड़े संस्कार के आधार पर ही एक पुत्र का नाम कुश और दूसरे का नाम लव रखा गया। इसी तरह से लव-कुश के जन्म और उनके नामकरण की कथा महर्षि वाल्मीकि के आश्रम से संबंधित है।
महर्षि वाल्मीकि ने लव-कुश को शास्त्रों, वेदों और धर्म-नीति का गहरा ज्ञान दिया। इसके साथ ही उन्होंने दोनों राजकुमारों को धनुर्विद्या और युद्ध कला में भी निपुण बनाया।
यह भी पढ़ें- 14 साल वनवास, फिर भी कभी मलीन नहीं हुए कपड़े! आखिर क्या था माता सीता के वस्त्रों का दिव्य रहस्य?
यह भी पढ़ें- रामायण का वो मौन त्याग, जिसकी चर्चा कम हुई; 13 वर्षों तक पति से दूर क्यों रहीं शत्रुघ्न की पत्नी श्रुतकीर्ति?
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।