शोक से निकला श्लोक और रच गई रामायण! पढ़ें एक शिकारी के तीर ने कैसे बना दिया महर्षि वाल्मीकि को 'आदिकवि'
महर्षि वाल्मीकि को क्रौंच पक्षी के वियोग से हुए शोक ने संस्कृत का पहला श्लोक रचने की प्रेरणा दी। इसी ...और पढ़ें

क्रौंच पक्षी की मृत्यु पर शोक करते महर्षि वाल्मीकि (Picture Credit: AI Generated )
HighLights
क्रौंच पक्षी की मृत्यु से वाल्मीकि को गहरा शोक हुआ।
शोक से निकला पहला श्लोक संस्कृत साहित्य की नींव बना।
ब्रह्मा जी ने वाल्मीकि को रामायण लिखने का आदेश दिया।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर कोई भी कहानी किसी के जन्म से शुरू होती है, लेकिन जब कहानी किसी की मृत्यु के बाद से आरंभ हो तो कुछ अलग ही रचना होती है। बात हो रही है रामायण महाग्रंथ की, जिसके बारे में शायद बहुत ही कम लोग जानते होंगे कि महर्षि वाल्मीकि को आखिर कैसे इस ग्रंथ की रचना की प्रेरणा मिली। भारतीय संस्कृति में महर्षि वाल्मीकि को आदिकवि के नाम से जाना जाता है।
उनके बारे में मान्यता है कि उनके मुख से निकला पहला श्लोक ही संस्कृत साहित्य के प्रथम श्लोक के रूप में प्रसिद्ध हुआ था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस श्लोक के पीछे एक शिकारी, क्रौंच पक्षियों का जोड़ा और एक हृदयविदारक घटना जुड़ी हुई है?
पौराणिक कथाओं से इस बात का पता चलता है कि एक पक्षी की मृत्यु से उपजे शोक ने ही रामायण जैसे महान महाकाव्य की रचना का मार्ग प्रशस्त किया। आइए जानते हैं क्या है इस अद्भुत प्रसंग की रचना की कहानी?
कैसे मिली महर्षि वाल्मीकि को रामायण लिखने की प्रेरणा?
पौराणिक कथा के अनुसार, एक दिन महर्षि वाल्मीकि तमसा नदी के तट पर स्नान करने गए। उसी समय उन्होंने देखा कि सामने रेत पर क्रोंच पक्षियों का एक जोड़ा प्रेम से नाच रहा था।
एक शिकारी ने उन पर वार कर दिया और नर पक्षी की मृत्यु हो गई। दोनों में से एक पक्षी की मृत्यु से मादा पक्षी विलाप करने लगी और वाल्मीकि भी अत्यंत क्रोधित होकर शोक में डूब गए। उनके इसी शोक से एक श्लोक निकला जो संसार का पहला श्लोक बना।
क्रोंच पक्षी की मृत्यु पर क्या थे महर्षि वाल्मीकि के शब्द?
मादा पक्षी का विलाप सुनकर महर्षि वाल्मीकि के मुख से अनायास ही शिकारी के लिए एक शाप निकल पड़ा। उनके शब्द थे:
मा निषाद प्रतिष्ठां त्वमगमः शाश्वतीः समाः।
यत्क्रौञ्चमिथुनादेकमवधीः काममोहितम्॥
भावार्थ- हे निषाद अर्थात शिकारी! तुमने प्रेम में मग्न क्रौंच पक्षी के जोड़े में से एक की हत्या की है, इसलिए तुम्हें कभी प्रतिष्ठा प्राप्त न हो और तुम लंबे समय तक शांति से वंचित रहो।
ऐसे हुई संस्कृत के पहले श्लोक की रचना
जब महर्षि ने अपने मुख से अनायास निकले इन शब्दों पर विचार किया, तो उन्हें ज्ञात हुआ कि उनके यह शब्द एक निश्चित लय और छंद में बंधे हुए थे। उनके हृदय से निकले उठे शोक शब्दों से ही संस्कृत के पहले श्लोक की रचना हुई। चूंकि यह शोक में निकला था, इसलिए इसे 'श्लोक' कहा गया।
ब्रह्मा जी ने दिया रामायण की रचना का आदेश
इस घटना के बाद महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में ब्रह्मा जी प्रकट हुए और उन्होंने महर्षि को रामायण की रचना करने का आदेश दिया।
ब्रह्मा जी की प्रेरणा से महर्षि वाल्मीकि को भगवान श्रीराम के जीवन की हर छोटी-बड़ी घटना सामने दिखने लगी और भगवान राम के जीवन जो रहस्य अब तक संसार से छिपे थे, वे सब महर्षि को ज्ञात हो गए। इसी तरह रामायण की रचना शुरू हुई और महर्षि वाल्मीकि आदिकवि कहलाए।
इस प्रकार एक पक्षी के वियोग से उपजा शोक संस्कृत के प्रथम श्लोक का आधार बना और उसी से रामायण जैसे महान महाकाव्य की रचना का मार्ग खुला। वास्तव में रामायण की रचना की यह कहानी अद्भुत है।
यह भी पढ़ें- धरती माता या सुनैना नहीं, एक असुर कन्या थी देवी सीता की मां! अद्भुत रामायण में लिखा है जानकी से जुड़ा खास प्रसंग
यह भी पढ़ें- सीता मां के साथ आश्रम की जमीन भी उठा ले गया था रावण? कंब रामायण में मिलता है हरण से जुड़ा से अनसुना प्रसंग
सोर्स: रामायण,बालकाण्ड,द्वितीय सर्ग,श्लोक 15
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।