Vivah Panchami 2026: दो दुर्लभ योगों के साये में सजेगा राम-सीता का विवाह, देखें डेट, शुभ मुहूर्त और महत्व
मार्गशीर्ष माह की पंचमी तिथि को विवाह पंचमी (Vivah Panchami 2026) मनाई जाती है, जब भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ था। साल 2026 में यह पर्व 14 दिसंबर को दो शुभ योगों के साथ मनाया जाएगा, जो वैवाहिक बाधाएं दूर करने वाला है।

मार्गशीर्ष माह में हुआ है भगवान राम और माता सीता का विवाह (Picture Credits- AI Images)
HighLights
विवाह पंचमी 14 दिसंबर 2026 को मनाई जाएगी।
सर्वार्थ सिद्धि और रवि योग का शुभ संयोग बन रहा है।
राम-सीता पूजा से वैवाहिक बाधाएं दूर होती हैं।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि का विशेष महत्व है। इस दिन विवाह पंचमी (Vivah Panchami 2026) का पर्व मनाया जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, त्रेतायुग में इस दिन भगवान श्री राम और माता सीता का विवाह हुआ था। इसलिए इस तिथि को विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर प्रभु श्रीराम और माता सीता की पूजा-अर्चना करने का विधान है। साथ ही विधिपूर्वक व्रत भी किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, विवाह पंचमी के दिन इन कार्यों को करने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं। आइए इस आर्टिकल में आपको विस्तार से बताते हैं कि किस दिन मनाई जाएगी विवाह पंचमी और क्या हैं इसके शुभ मुहूर्त।
विवाह पंचमी 2026 डेट और शुभ मुहूर्त (Vivah Panchami 2026 Date and Shubh Muhurat)
पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि की शुरुआत 13 दिसंबर को शाम 04 बजकर 47 मिनट पर होगी। वहीं, इस तिथि का समापन 14 दिसंबर को शाम 07 बजकर 15 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार, विवाह पंचमी का पर्व 14 दिसंबर को मनाया जाएगा।
विवाह पंचमी शुभ योग (Vivah Panchami 2026 Shubh Yog)
विवाह पंचमी के अवसर पर सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग का निर्माण हो रहा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, विवाह पंचमी के दिन इन योगों का बनना शुभ माना जा रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग को नए काम की शुरुआत के लिए फलदायी माना जाता है। वहीं, रवि योग को अशुभ ग्रह दोषों व बाधाओं का प्रभाव कम करने के लिए शुभ माना जाता है।
अन्य शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त - सुबह 05 बजकर 16 मिनट से 06 बजकर 11 मिनट तक
विजय मुहूर्त - दोपहर 01 बजकर 59 मिनट से 02 बजकर 40 मिनट तक
गोधूलि मुहूर्त - शाम 05 बजकर 23 मिनट से 05 बजकर 51 मिनट तक
निशिता मुहूर्त - रात 11 बजकर 49 मिनट से 12 बजकर 43 मिनट तक
सर्वार्थ सिद्धि योग - सुबह 07 बजकर 06 मिनट से 09 बजकर 12 मिनट तक
विवाह पंचमी का महत्व
हर साल मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर विवाह पंचमी का पर्व बेहद उत्साह के साथ मनाया जाता है। हिंदू धर्म में राम-सीता की जोड़ी को आदर्श दांपत्य जीवन, प्रेम और मर्यादा का सर्वोच्च प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, विवाह पंचमी के दिन भगवान श्रीराम और माता सीता की पूजा करने से वैवाहिक जीवन में खुशियों का आगमन होता है और विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं। इस अवसर पर 'श्री रामचरितमानस' का पाठ करना फलदायी साबित होता है।
जरूर करें यह उपाय
विवाह पंचमी के दिन पूजा करने के बाद किसी सुहागिन महिला को 16 शृंगार का सामान दान करें। इसके अलावा धन आदि चीजों का भी दान करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस उपाय को करने से वैवाहिक जीवन सदैव खुशहाल रहता है और सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।