सिर्फ कथा नहीं, जीवन जीने का सूत्र है रामचरितमानस! पढ़ें इसके 7 कांडों के नाम और हर अध्याय में छिपा गहरा सार
रामचरितमानस केवल प्रभु श्रीराम की कथा नहीं, बल्कि आदर्श जीवन जीने और रिश्तों की मर्यादा निभाने की प्रेरणा देती है। इसके सात कांडों में भगवान राम के जीवन की विभिन्न अवस्थाओं और उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण सीखों का वर्णन है।

रामचरितमानस के 7 कांडों का गहरा सार (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
रामचरितमानस रिश्तों की मर्यादा और आदर्श जीवन सिखाती है।
प्रत्येक कांड भगवान राम के जीवन की सीख दर्शाता है।
यह महाकाव्य धैर्य और धर्म के मार्ग पर चलने को प्रेरित करता है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। रामचरितमानस भारत के कुछ महान महाकाव्यों में से एक है। यह रिश्तों के कर्तव्यों को दिखाती है, जिसमें आदर्श एक सेवक, भाई, पत्नी और आदर्श राजा जैसे कई अलग-अलग पात्रों का वर्णन किया गया है। रामचरितमानस केवल प्रभु श्रीराम के जीवन की कथा नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को आदर्श जीवन जीने, रिश्तों की मर्यादा निभाने, कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित इस महाकाव्य में कुल सात कांड हैं और हर अध्याय में अलग-अलग घटनाक्रमों का वर्णन है। इसका हर कांड भगवान श्रीराम के जीवन की एक विशेष अवस्था और उससे जुड़ी महत्वपूर्ण सीख को दिखाता है। आवे आपको बताते हैं रामचरितमानस के सातों कांडों के सार के बारे में।
बालकांड
बालकांड रामचरितमानस का पहला काण्ड है जिसमें भगवान राम और उनके भाइयों - लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न - के जन्म का वर्णन है। किस तरह से 'पुत्रकामेष्टि यज्ञ' करके राजा दशरथ और उनकी तीनों रानियों को संतान की प्राप्ति हुई इसकी कथा को दिखाता है।
बाल कांड में सीता के जन्म और राम के साथ उनके विवाह का भी विवरण है। इस कांड में मुख्य रूप से भगवान श्रीराम के जन्म, बाल लीलाओं, ऋषि विश्वामित्र के साथ वन गमन, ताड़का वध और माता सीता के स्वयंवर का वर्णन मिलता है।
अयोध्या कांड
अयोध्या कांड में उन घटनाओं का वर्णन है, जिनके कारण भगवान राम को चौदह वर्षों के लिए वनवास जाना पड़ा। राज्याभिषेक से एक दिन पहले, मंथरा नाम की एक कुटिल दासी ने कैसे कैकेयी के मन में ईर्ष्या की भावना भर दी। प्रभु श्री राम के साथ माता सीता और लक्ष्मण भी कैसे वन गए।
किस प्रकार से एक वचन निभाने के लिए मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने अद्भुत त्याग दिखाया और कैसे भरत में राजपाठ संभालने से मना किया। ऐसे कई दृश्यों से भरपूर है त्याग और रिश्तों की मर्यादा सिखाता अयोध्याकांड।
अरण्यकांड
अरण्यकांड रामचरितमानस का तीसरा काण्ड है जिसमें श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास के दौरान घंटने वाली सभी घटनाओं का वर्णन किया गया है।
इसी कांड में शूर्पणखा प्रसंग, खर-दूषण वध और रावण द्वारा सीता हरण की घटना आती है। यह कांड हमें सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों में भी मनुष्य को धैर्य नहीं खोना चाहिए और धर्म के मार्ग से विचलित नहीं होना चाहिए।
किष्किंधाकांड
किष्किंधाकांड में प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की पहली भेंट, सुग्रीव से मित्रता और बालि के वध का प्रसंग मिलता है। किष्किंधा कांड मुख्य रूप से वानर राज बाली की कथा पर केंद्रित है।
इसकी पृष्ठभूमि वानरों के राज्य, किष्किंधा में है। इस दौरान प्रभु श्री राम और लक्ष्मण की भेंट भगवान राम के परम भक्त हनुमान से होती है।
किष्किंधा कांड में, राम सुग्रीव के बड़े भाई बाली को हराकर सुग्रीव की सहायता करते हैं, जिससे सुग्रीव को अपना राज्य किष्किंधा वापस मिल जाता है।
राम सुग्रीव की मदद इसलिए करते हैं जिससे उसके बदले में सुग्रीव, माता सीता को खोजने में उनकी सहायता कर सकें। यह कांड हमें बताता है कि कैसे सच्ची मित्रता केवल सुख के समय साथ रहने का नाम नहीं है, बल्कि कठिन समय में एक-दूसरे का सहयोग करने और विश्वास निभाने का भी नाम है।
सुंदरकांड
सुंदरकांड में हनुमान जी के साहसिक कार्यों का विस्तृत और सजीव वर्णन है। इसमें भगवान हनुमान की अद्भुत शारीरिक शक्ति और सामर्थ्य के बारे में भी बताया गया है।
कैसे उन्होंने समुद्र पार करके लंका जाने के लिए एक विशाल रूप धारण कर लिया। रास्ते में उनका सामना कई राक्षसों से हुआ जो उनकी शक्ति और क्षमताओं की परीक्षा लेते हैं, लेकिन कोई भी शक्तिशाली हनुमान को लंका पहुंचने और माता सीता का पता लगाने से नहीं रोक पाता है।
संपूर्ण सुंदरकांड में हनुमान जी की समुद्र लांघकर लंका पहुंचने, माता सीता से मिलने और लंका दहन करने की कथा है। यह कांड सिखाता है कि सच्ची भक्ति मनुष्य के भीतर साहस और आत्मविश्वास जगाती है। जब व्यक्ति अपने उद्देश्य के प्रति समर्पित होता है, तो बड़ी से बड़ी बाधा भी उसे रोक नहीं सकती।
लंकाकांड
लंकाकांड में श्रीराम और रावण के बीच हुए युद्ध, रावण वध और माता सीता की मुक्ति का वर्णन मिलता है। इसे सभी कांडों में सबसे महान बताया गया है, क्योंकि इसमें राम और रावण के बीच हुए महान युद्ध का वर्णन है। इस कांड में उस घटना का भी विवरण है कि किस प्रकार समुद्र पर महान 'राम सेतु' का निर्माण किया गया था।
इसमें ऐसे पत्थरों का उपयोग किया गया था जो पानी पर तैरते थे, क्योंकि उन पर 'राम' नाम अंकित था। यह कांड संदेश देता है कि अहंकार, अन्याय और अधर्म चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।
उत्तरकांड
उत्तरकांड में श्रीराम के राज्याभिषेक, रामराज्य के आदर्श और भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य से जुड़ी शिक्षाओं का वर्णन है। इसे अक्सर मूल कथा में बाद में जोड़ा गया हिस्सा माना जाता है।
यह राम, सीता और उनके भाइयों के जीवन के अंतिम वर्षों के बारे में है। अग्नि-परीक्षा में सफल होने के बावजूद, लोक-मत के आगे झुकते हुए राम ने सीता को वन में भेज दिया, जहां वे ऋषि वाल्मीकि के आश्रम के पास रहने लगीं। जब राम ने सीता को वन भेजा, तब वे गर्भवती थीं और उनके गर्भ में जुड़वां बच्चे थे।
वन में ही उन्होंने दो बच्चों, लव और कुश को जन्म दिया, जो आगे चलकर ऋषि वाल्मीकि के मार्गदर्शन और शिक्षाओं में पले-बढ़े। यह कांड बताता है कि जीवन की सच्ची सफलता केवल धन, पद और प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि आत्मज्ञान, सेवा, संतोष और ईश्वर के प्रति समर्पण में है।
रामायण के सभी कांड वास्तव में अपने आप में कुछ विशेषताएं लिए हुए हैं और ये सभी प्रभु श्री राम की जीवन यात्रा का वर्णन करते हैं।
सोर्स- रामचरितमानस
यह भी पढ़ें- रामचरितमानस में छिपा जीवन का बड़ा सूत्र, कब मौन रहना और कब कर्म करना जरूरी है?
यह भी पढ़ें- धन, नौकरी या बीमारी... रामचरितमानस की इन 24 चौपाइयों में छिपा है हर समस्या का समाधान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।