विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तुलसी विवाह में कन्यादान करने से दूर होते हैं कई दोष, पढ़ें कौन और किस विधि से निभाता है यह रस्म?

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:00 PM (GMT+05:30)

तुलसी विवाह में कन्यादान का विशेष धार्मिक महत्व है, जो घर में खुशहाली लाता है और पितृ दोष व वैवाहिक समस्याओं को दूर करता है।

तुलसी विवाह के समय कन्यादान की रस्म (Picture Credit: AI Generated)

तुलसी विवाह के समय कन्यादान की रस्म (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. तुलसी विवाह कन्यादान से पितृ दोष, वैवाहिक बाधाएं दूर होती हैं।

  2. विवाहित दंपत्ति या मंदिर के पंडित कन्यादान की रस्म निभाते हैं।

  3. तुलसी को दुल्हन, शालिग्राम को दूल्हा मानकर विधिपूर्वक विवाह संपन्न करें।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है और ऐसी मान्यता है कि इस दिन तुलसी माता का विवाह शालिग्राम से करवाने से घर में खुशहाली बनी रहती है। हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी का विवाह कराया जाता है।

इस दिन घरों और मंदिरों में विवाह की तरह ही सभी रस्में निभाई जाती हैं। इन्हीं रस्मों में से एक होती है कन्यादान की रस्म। यह एक ऐसी रस्म है जो हिंदू शादियों में लड़की के माता-पिता निभाते हैं और इसके माध्यम से कन्या का हाथ वर को सौंपा जाता है। इस साल तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह को भी हिंदू शादी की सभी रस्मों के साथ निभाया जाता है। ऐसे में एक सवाल यह भी आता है कि आखिर तुलसी विवाह के दिन कन्यादान कौन करता है और इसकी सही विधि क्या है? आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।

तुलसी विवाह में कन्यादान का धार्मिक महत्व?

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी माता को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है, वहीं शालिग्राम जी को विष्णु जी का प्रतीक बताया जाता है। इसी वजह से इस दिन तुलसी माता और और शालिग्राम जी के विवाह को अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है।

इस विवाह के दौरान कन्यादान करना किसी कन्या का विवाह कराने के समान ही पुण्यदायी माना जाता है। कन्यादान की रस्म के बिना तुलसी विवाह की रस्म पूर्ण नहीं मानी जाती है। मान्यता के अनुसार, कन्यादान की रस्म निभाने से पितृ दोष, वैवाहिक जीवन से जुड़ी परेशानियों और अन्य पारिवारिक बाधाओं के प्रभाव को कम किया जा सकता है।

तुलसी विवाह में कौन करता है कन्यादान?

परंपरा के अनुसार, तुलसी विवाह में कन्यादान की रस्म घर के कोई भी विवाहित दंपति निभाते हैं। यदि इस दिन घर का मुखिया पत्नी के साथ मिलकर माता तुलसी को कन्या स्वरूप मानकर भगवान शालिग्राम को उनका हाथ सौंपते हैं, तो अत्यंत शुभ माना जाता है।

यदि घर में माता-पिता दोनों मौजूद हैं, तो ये रस्म उन्हें ही निभानी चाहिए। इस रस्म को अन्य कोई भी जोड़े में निभा सकता है। यदि कोई भी यह रस्म निभाने में असमर्थ हो, तो मंदिर के पंडित भी कन्यादान कर सकते हैं। इसके लिए कोई विशेष बंधन नहीं है, लेकिन जो भी यह रस्म निभाता है उसे साफ और सात्विक होना चाहिए।

तुलसी विवाह में कन्यादान की विधि

  • सबसे पहले घर के आंगन या पूजा स्थल को साफ करके एक रंगोली बनाएं। तुलसी के पौधे को लाल चुनरी, फूलों और आभूषणों से सजाएं। इस दिन तुलसी माता को दुल्हन की तरह सजाना चाहिए और भगवान शालिग्राम को पीले वस्त्रों से सजाना चाहिए।
  • पूजा करने वाले शादीशुदा जोड़े को भगवान विष्णु और माता तुलसी का ध्यान करके विवाह संपन्न कराने का संकल्प लेना चाहिए।
  • माता तुलसी और भगवान शालिग्राम को विवाह मंडप में विराजमान करें। परंपरा के अनुसार, तुलसी के पौधे की ओर से चुनरी या वस्त्र का एक सिरा और शालिग्राम जी की ओर से वस्त्र का दूसरा सिरा मिलाकर गठबंधन करें।
  • इसके बाद दंपति जल, पुष्प और अक्षत अर्पित करते हुए कन्यादान का संकल्प करें। भगवान शालिग्राम और माता तुलसी की पूजा करें। परिवार की परंपरा के अनुसार फेरे, मंगल गीत और आरती की रस्म निभाएं।
  • यही नहीं इस दौरान तुलसी माता और शालीग्राम की शादी करते समय उनके सात फेरे भी किए जाते हैं।

मान्यता है कि जिस दंपति की कोई कन्या नहीं होती है वो भी तुलसी विवाह के दिन यदि माता तुलसी का कन्यादान करे तो कन्या के दान के बराबर ही पुण्य फल मिलते हैं। 

यह भी पढ़ें- तुलसी विवाह के साथ शुरू होगा शहनाइयों का दौर, नवंबर में 3 और दिसंबर में 7 दिन ही शादी के शुभ मुहूर्त

यह भी पढ़ें- 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी, दोपहर में इससे पहले करें तुलसी विवाह, जानें पूरा मुहूर्त

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।