विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तुलसी विवाह के साथ शुरू होगा शहनाइयों का दौर, नवंबर में 3 और दिसंबर में 7 दिन ही शादी के शुभ मुहूर्त

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:00 AM (IST)

Devotthan Ekadashi 2026: 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी के साथ जमुई में मांगलिक कार्यों और शादी-विवाह का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

AI के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

AI के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. 20 नवंबर से देवोत्थान एकादशी के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य।

  2. जमुई के बाजारों में शादी की खरीदारी से बढ़ेगी रौनक।

  3. नवंबर-दिसंबर में कई शुभ विवाह मुहूर्त, फिर खरमास लगेगा।

संवाद सहयोगी, जमुई। चार महीने के इंतजार के बाद अब मांगलिक कार्यों की शुरुआत होने वाली है। 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी के साथ ही भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे और इसी के साथ शादी-विवाह का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

घर-आंगन में शहनाइयां गूंजेंगी तो बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी। शादी की तैयारियों को लेकर कपड़ा, आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ने की उम्मीद है।

देवोत्थान एकादशी को लेकर धार्मिक तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इस दिन घरों में भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा-अर्चना के साथ तुलसी विवाह कराया जाएगा। मान्यता है कि देवोत्थान एकादशी के बाद ही हिंदू धर्म में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

बाजार से मैरिज हाल तक दिखेगी रौनक

लग्न का मौसम शुरू होते ही जमुई के बाजारों में खरीदारी का सिलसिला तेज होगा। शादी के लिए कपड़े, सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर, बर्तन और घरेलू उपयोग के सामान की खरीदारी बढ़ने की संभावना है।

वहीं, मैरिज हॉल, विवाह भवन, कैटरिंग संचालक, टेंट-शामियाना, लाइटिंग, फूल-माला और बैंड-बाजा संचालकों के लिए भी यह सीजन कारोबार का बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।

नवंबर और दिसंबर में विवाह के कई शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्य शत्रुधन झा के अनुसार, नवंबर के अंतिम सप्ताह और दिसंबर के पहले पखवारे में विवाह के कई शुभ मुहूर्त हैं। नवंबर में 24, 25 और 26 नवंबर को विवाह के लग्न बताए गए हैं।

वहीं दिसंबर में 2, 3, 5, 6, 11, 12 और 16 दिसंबर को शुभ मुहूर्त हैं। 16 दिसंबर की रात सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। इसके बाद विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।

यह भी पढ़ें- Akshaya Navami : 'अक्षय' पुण्य दिलाएगी अक्षय नवमी, आंवला वृक्ष की पूजा कर शोक से मुक्ति की कामना होगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।