Akshaya Navami : 'अक्षय' पुण्य दिलाएगी अक्षय नवमी, आंवला वृक्ष की पूजा कर शोक से मुक्ति की कामना होगी
कार्तिक शुक्लपक्ष की नवमी तिथि पर अक्षय नवमी मनाई जाएगी, जिसमें आंवला वृक्ष की पूजा कर रोग व शोक से ...और पढ़ें

Akshaya Navami : 'अक्षय'' पुण्य दिलाएगी अक्षय नवमी, आंवला वृक्ष की पूजा कर शोक से मुक्ति की कामना होगी।
HighLights
आंवला पेड़ के जड़ में दूध चढ़ाएं, तना में कच्चा सूत लपेटें 21, 51 या 108 बार परिक्रमा करें
अक्षय नवमी पर कद्दू का दान करने से समस्त कामनाएं पूर्ण होती हैं : आचार्य देवेंद्र
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Akshaya Navami कार्तिक शुक्लपक्ष की नवमी तिथि पर 'अक्षय नवमी' का पर्व मनाया जाएगा। अक्षय पुण्य की प्राप्ति के लिए सनातन धर्मावलंबी आंवला के वृक्ष का पूजन करेंगे। पूजन करके रोग व शोक से मुक्ति की कामना की जाएगी। इसके बाद आंवला के वृक्ष के नीचे भोजन पकाकर परिवार के साथ उसका सेवन करेंगे। इसके चलते आजाद पार्क, भरद्वाज पार्क, पं. महामना मदन मोहन मालवीय पार्क में काफी चहल-पहल रहेगी।
अक्षय नवमी का महत्व अक्षय तृतीय के समान
ज्योतिर्विद आचार्य देवेंद्र प्रसाद त्रिपाठी के अनुसार नवमी तिथि 17 नवंबर अर्थात मंगलवार की रात 1.21 बजे लग जाएगी, जो बुधवार 18 नवंबर की रात 2.12 बजे तक रहेगी। शतभिषा नक्षत्र के साथ तुला राशि में सूर्य व बुध के संचरण से द्विग्रही का पुण्यकारी संयोग बन रहा है। अक्षय नवमी का महत्व अक्षय तृतीय के समान होता है।
आंवला का वृक्ष निरोगता व समृद्धि प्रदान करता है
Akshaya Navami उन्होंने बताया कि आंवला का वृक्ष निरोगता व समृद्धि प्रदान करता है। इस तिथि पर भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी आंवला के वृक्ष में वास करते हैं। जो आंवला के वृक्ष का पूजन करता है उसे मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। बताते हैं कि आंवला के पेड़ के जड़ में दूध चढ़ाना चाहिए। तना में कच्चा सूत लपेटकर 21, 51 अथवा 108 बार परिक्रमा करनी चाहिए। कद्दू का दान करने से समस्त कामनाएं पूर्ण होती हैं।
पितरों के निमित्त करें तर्पण
पाराशर ज्योतिष संस्थान के निदेशक आचार्य विद्याकांत पांडेय के अनुसार अक्षय नवमी वाले दिन स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करना चाहिए। फिर दाहिने हाथ में जल, अक्षत, पुष्प लेकर व्रत का संकल्प लेकर आंवले के पेड़ के नीचे पूरब दिशा की ओर मुंह करके बैठकर पूजन करें। इसके बाद 'ऊं धायै नम:' मंत्र का जप करते हुए आंवले के वृक्ष की जड़ में गाय के कच्चा दूध की धारा गिराते हुए पितरों के निमित्त तर्पण करें। तर्पण के बाद पेड़ के तने में रोली, हल्दी, चंदन और अक्षत से तिलक करें।
आंवला के वृक्ष के नीचे भोज पकाएं और खाएं
उन्होंने बताया कि पेड़ में रक्षासूत्र बांधते हुए सात, नौ अथवा 108 बार परिक्रमा करनी चाहिए। इसके बाद आंवला के वृक्ष के नीचे भोज पकाएं। व्यंजन खीर, पूड़ी और कद्दू की सब्जी शामिल करना शुभ होता है। फिर पेड़ के नीचे बैठकर उसका सेवन करें। जरूरतमंदों अथवा ब्राह्मणों को अन्न, आंवला, कद्दू, ऊनी वस्त्र, कंबल, धन का दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।