विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अक्षय नवमी: पुण्य और सेहत का डबल वरदान! जानिए आंवला पूजा का शुभ मुहूर्त और गुप्त दान का रहस्य

Published: Mon, 16 Nov 2026 02:06 PM (GMT+05:30)

अक्षय नवमी, जो इस वर्ष मनाई जाएगी, आंवला वृक्ष की पूजा से मनोकामनाएं पूर्ण करती है और अक्षय फल देती ...और पढ़ें

अक्षय नवमी पर श्रद्धालु करेंगे विष्णु स्वरूप आंवला की पूजा (AI Generated Image)

अक्षय नवमी पर श्रद्धालु करेंगे विष्णु स्वरूप आंवला की पूजा (AI Generated Image)

HighLights

  1. अक्षय नवमी पर आंवला वृक्ष पूजा से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

  2. दान, स्नान, पूजा का पुण्य कभी नष्ट नहीं होता।

  3. आंवला विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर, स्वास्थ्यवर्धक है।

जागरण संवाददाता, उदवंतनगर। अक्षय नवमी कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाई जाती है। इस वर्ष यह पर्व 18 नवंबर यानी बुधवार को मनाया जाएगा। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने से लोगों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और अक्षय फल की प्राप्ति होती है।

हिंदू शास्त्रों के अनुसार, अक्षय नवमी से सतयुग का प्रारंभ माना जाता है। इस दिन किए गए दान, स्नान और पूजा का पुण्य कभी नष्ट नहीं होता; यह दिन भगवान विष्णु को समर्पित है।

हिंदू शास्त्रों में आंवले के वृक्ष को भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। इसकी पूजा से सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। आंवले को अत्यंत पवित्र वृक्ष माना जाता है।

भगवान विष्णु के आशीर्वाद से अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा करने से पाप नष्ट होते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। आंवला विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। आयुर्वेद में इसे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला और पाचन सुधारक माना गया है।

पूजा के साथ-साथ इसका सेवन स्वास्थ्य लाभ देता है। इसके पूजन से जहां पितरों को शांति मिलती है, वहीं परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आती है। अक्षय नवमी पर नदी स्नान व गुप्त दान सहित कुष्मांड (पेठा/भतुआ) व सप्तधान्य (सात अनाज) दान का विशेष महत्व है।

वैसे तो पूरे कार्तिक महीने में स्नान कर आंवले के वृक्ष में जल चढ़ाने व उसकी परिक्रमा करने का विधान है, लेकिन इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करने व कराने का विशेष महत्व है।

सप्तधान व भतुआ दान की है परंपरा

पंडित विवेकानंद पांडेय ने बताया कि अक्षय नवमी तिथि का प्रारंभ 17 नवंबर, मंगलवार की रात्रि 1:21 बजे से हो रहा है, जो 18 नवंबर, बुधवार की रात्रि 2:13 बजे तक रहेगा।

अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष के नीचे कुष्मांड (भतुआ) को काटकर उसके बीच द्रव्य (पैसे/स्वर्ण) भरकर गुप्त दान करने तथा गड्ढे में दबाकर सप्तधान दान करने की परंपरा है।

धान, गेहूं, मक्का, उड़द, चना, ज्वार और बाजरा मिलकर सप्तधान कहलाते हैं। सप्तधान मनुष्य को आरोग्य प्रदान करने वाले होते हैं।

इनमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, खनिज लवण और वसा पाए जाते हैं। ये सुपाच्य होते हैं, जिससे मनुष्य की पाचन क्रिया सुदृढ़ होती है। वर्तमान में सरकार भी मिलेट्स (मोटे अनाज) की उपयोगिता बता रही है।

आंवले में होती है रोग प्रतिरोधक क्षमता

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उदवंतनगर में पदस्थापित आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. धनंजय कुमार ने बताया कि आंवले में विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।

आयुर्वेद के अनुसार, दुनिया में पाए जाने वाले छह रसों में से लवण (नमक) रस को छोड़कर शेष पांचों रस आंवले में पाए जाते हैं। आयुर्वेद में इसे बेहतरीन रोग प्रतिरोधक और पाचन सुधारक माना गया है। पूजा के साथ इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक होता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।