20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी, दोपहर में इससे पहले करें तुलसी विवाह, जानें पूरा मुहूर्त
20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी मनाई जाएगी, जब भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे। इस दिन तुलसी विवाह ...और पढ़ें

देवोत्थान एकादशी 20 नवंबर को तुलसी विवाह दोपहर से पहले करें।
HighLights
भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे।
तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान विशेष विधान।
भद्रा से पहले दोपहर 2:25 बजे तक करें अनुष्ठान।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। चातुर्मास के चार माह की योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु के जागरण का पर्व देवोत्थान एकादशी 20 नवंबर शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसी के साथ मांगलिक कार्यों पर लगा विराम भी समाप्त हो जाएगा। इस दिन तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान करने का विशेष धार्मिक विधान है। हालांकि, इस बार दोपहर 2:25 बजे के बाद भद्रा लगने के कारण तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान इससे पहले ही करना होगा।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय के अनुसार, एकादशी तिथि 19 नवंबर की रात लगभग दो बजे से प्रारंभ होकर 20 नवंबर की रात करीब दो बजे तक रहेगी। 20 नवंबर को दोपहर 2:25 बजे के बाद भद्रा लग जाएगी। ऐसे में तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान भद्रा से पूर्व कर लेना श्रेयस्कर होगा। एकादशी व्रत का पारण अगले दिन 21 नवंबर शनिवार को सुबह किया जाएगा।
भगवान विष्णु के जागरण का पर्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनका जागरण होता है। इसी कारण इसे देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि उनके जागरण के साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।
तुलसी-शालिग्राम विवाह का विधान
देवोत्थान एकादशी पर तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। घरों और मंदिरों में तुलसी के पौधे को मंडप में सजाकर विधि-विधान से विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। इसे कन्यादान के समान पुण्यदायी माना गया है। वहीं, गन्ने का मंडप बनाकर भगवान विष्णु की पूजा और नेवान अर्पित करने की परंपरा भी प्रचलित है। यह पर्व प्रकृति, आस्था और पारिवारिक मंगल का संदेश देता है।